CG : डैम में डूबे 9 स्कूली बच्चे, 2 के शव बरामद, 5 को सुरक्षित निकाला गया, 2 की तलाश जारी
कोंडागांव जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 9 स्कूली छात्र डैम में डूब गए. इस घटना में 2 बच्चों की मौत हो गयी. 5 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, वहीं 2 की तलाश जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ते है. स्कूल में एग्जाम देने के बाद बच्चे डैम घूमने के लिए आए थे. सभी नहाने के लिए पानी में उतरे और एकाएक गहरे पानी में चले गए. फिलहाल, पानी में डूबे चार में से 2 स्टूडेंट के शव को बरामद कर लिया गया है, अन्य 2 की तलाश जारी है. बाकी बच्चों को अस्पताल लेकर गए हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कोंड़ागांव जिले के बफना गांव में एक छोटा सा डैम है. इसी डैम पर शुक्रवार को कोंडागांव के स्वामी आत्मानंद स्कूल के 9 बच्चे भी एग्जाम देने के बाद डैम नहाने के लिए गए. नहाते वक्त गहरे पानी में चले गए, जिससे 4 बच्चे पानी में डूब गए. उन्हें बचाने के लिए अन्य 5 छात्र भी आगे बढ़े. वे भी डूबने लगे थे.
वहां मौजूद ग्रामीणों ने बच्चों को पानी में डूबते देख फ़ौरन 5 बच्चों को बाहर निकाल लिया. इस हादसे की सूचना कोंडागांव सिटी कोतवाली, स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीम को दी गई. मौके पर पहुंचे जवानों ने ग्रामीणों की मदद से पानी में डूबे 2 बच्चों का शव बरामद कर लिया है.2 की तलाश जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिन बच्चों की मौत हुई है उनमें से केशकाल और एक कोंडागांव मुख्यालय का रहने वाले हैं. जिन 2 लोगों की तलाश की जा रही है, वे कैशकाल के रहने वाले हैं.