महासमुंद : कलेक्टर जनदर्शन में आए लोग भी फहराएंगे अपने घर झण्डा

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर और सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने कोमाखान की महिला स्व सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल पर राष्ट्रीय तिरंगा और राखियां खरीदी। खरीदे गए राष्ट्रीय झण्डे कलेक्टर और सीईओ ने आज कलेक्टर जनदर्शन में अपने समस्याओं को लेकर आए लोगों की समस्या सुनने के बाद उन्हें निःशुल्क राष्ट्रीय ध्वज 11 से 17 अगस्त तक अपने घर पर फहराने को दिया।
इनमें ग्राम सोरिद के रामू विश्वकर्मा, सिनोधा के शोभित राम साहू, मोहका के लोकनाथ साहू, मुढ़ेना के राजकुमारी बारले, बरबसपुर की हेमलता साहू सहित अन्य लोगों को विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अलग-अलग जगह लगभग एक हजार निःशुल्क झण्डों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के आम जनता से भी अपील की कि वे आजादी के 75वीं वर्षगांठ एवं आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने घर प्रतिष्ठान आदि पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। यह बात भी ध्यान रखें कि राष्ट्रीय ध्वज का पूरा सम्मान हो।
कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों से भी कहा कि वे अपने-अपने कार्यालयों और घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और समूह की दीदीयों को झंडा बनाने का ऑर्डर दें। जिला प्रशासन के मुताबिक हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, स्वास्थ्य केन्द्र सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर को तिरंगा फहरेगा।