सरायपाली : अस्पताल में लूट, आयुष्मान योजना का कार्ड होने पर भी अस्पताल ने मांगे पैसे.
सरायपाली के निजी अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से नि:शुल्क इलाज कराने के नाम पर अतिरिक्त राशि लेने का खेल जारी है. इस अस्पताल में मरीज को आपरेशन के लिए ले जाने के बाद मरीज के परिजनों से पैसा माँगा जाता है जिसका बिल नहीं दिया जाता.
मामला सरायपाली के SMDC नर्सिंग होम का है, जहाँ 10 अगस्त को शाम 5 बजे डॉ. अश्वनी भोई आपरेशन के लिए आने वाले थे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 अगस्त को बसना के कश्यप हॉस्पिटल में डॉ. अश्वनी भोई आये थे. जहाँ एक मरीज अपने हाथ की हड्डी खिसक जाने से परामर्श हेतु डॉ. अश्वनी भोई के पास पहुंचे. जिसे डॉ. अश्वनी भोई द्वारा आयुष्मान कार्ड से नि:शुल्क इलाज करने को कहकर शाम 5 बजे SMDC नर्सिंग होम सरायपाली जाने को कहा.
इसके बाद अस्पताल में मरीज से आयुष्मान कार्ड, राशनकार्ड और आधार कार्ड लेने के बाद फाइल और ब्लड टेस्ट का 650 रुपये लिया गया और ऑपरेशन हेतु मेडिकल से दवाइयां मंगवाई गई. दवाइयां लाने के बाद मरीज को ऑपरेशन के लिए तैयार करने ले जाया गया और इधर अस्पताल के प्रबंधन द्वारा 5 हजार की मांग की गई.
पहले तो अस्पताल ने 5000 का बिल देने की बात कही, लेकिन बार-बार बिल देने को कहा गया तो अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि आयुष्मान कार्ड से इलाज करने पर बिल नहीं दिया जाता. इसके बाद विवाद बढ़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने मरीज का आपरेशन नहीं किया और छुट्टी दे दी.
इसके बाद इस मामले में फोन के माध्यम से सरायपाली अनुविभागीय अधिकारी से इसकी शिकायत की गई, जहाँ उनके द्वारा जाँच में अधिकारी भेजे गए. अब कार्यवाही हेतु लिखित शिकायत भी की जाएगी.
आपको बता दें कि शासन का नियम है कि आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने पर मरीज को राशि नहीं देनी होती. इस योजना के तहत इलाज के लिए शासन से बीपीएल कार्ड धारकों को 5 लाख और एपीएल कार्ड धारकों को 50 हजार तक की राशि प्रतिवर्ष मिलती है.
वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 104 से जानकारी लेने पर कहा गया कि आयुष्मान अस्पताल द्वारा इम्पैनल्ड अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से बीपीएल कार्ड धारकों को 5 लाख और एपीएल कार्ड धारकों को 50 हजार तक के राशि का लाभ ले सकते हैं.