महासमुंद : आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में भीड़ भाड़ को देखते हुए व्यापारियों एवं बाजार की सुरक्षा हेतु सभी थाना क्षेत्रों में जारी है चेकिंग
▪️ सराफा व्यापारियों से उनकी दुकान व ग्राहकों की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर भी की जा रही है चर्चा
▪️ व्यापारियों व बाजारों की सुरक्षा को लेकर लगातार जारी रहेगी चेकिंग रात को सतर्क किए जाएंगे फिक्स पॉइंट और पेट्रोलिंग पॉइंट
▪️ सराफा दुकानों के सीसीटीवी कैमरे, दुकान के आसपास लगे हुए सड़कों व चौक चौराहों में सुरक्षा व्यवस्था व आस पास घूमने वाले संदिग्धों की की जा रही चेकिंग
पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में आज जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में संचालित सराफा ज्वेलरी कारोबारियों की दुकानों व दुकान के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस अभियान के तहत आज समस्त थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी सर्राफा दुकानों में पहुंचे तथा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे व उनकी बैकअप व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया।
दुकान में काम कर रहे स्टॉफ व दुकान के आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे संदिग्ध की तसदिकी की गई। साथ ही दुकान के पास से गुजरने वाली सड़कों व चौक चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे का भी अवलोकन किया जा रहा है।
त्योहार के सीजन पर बाजार और व्यापारियों के सुरक्षित व्यापार को लेकर पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराम पटेल द्वारा समस्त अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लगातार बाजार क्षेत्रों में दिन व रात पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा रात के समय अतिरिक्त फिक्स पॉइंट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही समय-समय पर व्यापारी संघ व प्रतिनिधियों से चर्चा कर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में उनका बेहतर सहयोग व समन्वय लेने हेतु निर्देशित किया गया है इस प्रकार की चेकिंग की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी. उक्त कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महासमुंद आकाश राव गिरेपुंजे के पर्यवेक्षण में सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी व थाना प्रभारियों के सक्रिय निरीक्षण में की गई।