बसना : बुलबुल ज्वेलर्स में हुई 17 लाख की चोरी के मामले में स... - CG Sandesh

बसना : बुलबुल ज्वेलर्स में हुई 17 लाख की चोरी के मामले में सफलता हासिल करने पर व्यापारी महासंघ ने पुलिस का किया सम्मान

बसना के बुलबुल ज्वेलर्स में हुई 17 लाख की चोरी में सफलता हासिल करने पर व्यापारी महासंघ बसना द्वारा आज बसना के अग्रसेन भवन में पुलिस सम्मान समाहरोह आयोजित किया गया । कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की पूजा और राष्ट्रगान से की गई। कार्यक्रम में पुलिस द्वारा की गई इस कार्यवही और चोर से पूरा सामान जप्त करने पर व्यापारी महासंघ बसना ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और धन्यवाद दिया। आपको बता दें कि इस चोरी के बाद बसना में भय का माहौल बना हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी मेहनत से चोर को पकड़ने में सफलता हासिल की और नगर वासियों में चोरी के प्रति भय का माहौल खत्म हुआ।

इस सम्मान समाहरोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनुविभागीय अधिकारी विकास पाटले, सायबर प्रभारी संजय सिंह राजपूत, बसना थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर सहित बसना थाना की टीम और साइबर क्राइम की टीम मौजूद रही जिनका व्यापारी संघ द्वारा पुष्पगुच्छ और मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। व्यापारी महासंघ द्वारा पुलिस के समक्ष कुछ मांग भी रखी जिसमें तेज वाहन चलाने वाले पर कार्यवाही के साथ बसना हाई स्कूल मार्ग में स्थित अवैध कब्जे को हटाने की मांग की।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सरायपाली विकास पाटले ने अपने सम्बोधन में व्यापारी महासंघ का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह चोरी शहर के मध्य पुलिस थाना के समीप हुई थी, जिसकी वजह से यह मामला पुलिस के लिए यह एक चुनौती थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक खुद बसना आये थे, पुलिस के पास केवल सीसीटीवी फुटेज मौजद था जिसे खंगालने में पुलिस के 5 सायबर कर्मचारी 24 घंटे लगे हुए थे। साथ ही उन्होंने तेज बाइकर पर आज से ही कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने व्यापारियों खास कर ज्वेलर्स को सीसीटीवी में डीवीआर तथा महंगे सामानो में जीपीएस चीप लगाने की सलाह दी । ताकि भविष्य में कुछ ऐसी घटना होती है तो जल्द से जल्द और आसानी के साथ चोर को पकड़ा जा सके।

बसना थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने अपने सम्बोधन में सबका धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को गालियां तो सब देते हैं पर ऐसा सम्मान उन्होंने पहली बार देखा । ऐसे सम्मान से पुलिस का हौसला बढ़ता है। थाना प्रभारी ने सभी व्यापारियों को सड़क की तरफ भी सीसीटीवी लगाने की सलाह दी। जिससे कि नगर पूरी तरह सुरक्षित रहे। उन्होंने तेज बाइकर पर कार्यवाही करने हेतु स्टापर देने की व्यापारी संघ से मांग की। और कहा कि कोई तेज बाइक चलाता है तो उसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि बसना नगर में व्यापारी बंधुओं का भी पूर्ण सहयोग मिलता है। बस कहने भर से नगरवासी 10 बजे ही अपना दुकान बंद कर देते हैं। साथ ही सम्मान के लिए उन्होंने व्यापारी संघ का धन्यवाद दिया।

सायबर प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि यह चोर को पकड़ना तो हमारा काम है, लेकिन इसके बदले मिले इस सम्मान के प्रति मैं कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। साथ ही इसका श्रेय पुलिस की टीम को भी दिया। इस दौरान बुलबुल ज्वेलर्स के संचालक ने पुलिस को 51 हजार रुपये सहयोग राशि देने की घोषणा की। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव ने इस आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले को सुलझाने में करीब 16 दिन लगे, इस बीच कई बार कार्यक्रम भी रहे जिसमे भी पुलिस व्यस्त रही लेकिन फिर भी इस मामले में लगातार मोनिटरिंग बनी रही। उन्होंने कहा कि बॉर्डर क्षेत्र होने से यह एक बड़ी चुनौती थी। आज के दौर में क्राइम बड़ा जटिल हो चुका है। चोर अब पुलिस को चाखमा देने तरह तरह की तरकीब ढूंढता है। 

इसके बाद कार्यवाही में शामिल सभी पुलिस अधिकारी कर्मचारीयों को मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। और व्यापारी संगठन ने 20 स्टापर देने की घोषणा की।


अन्य सम्बंधित खबरें