महासमुंद : अधिकारी विभागीय जरूरत के मुताबिक सी-मार्ट से सामग्री क्रय करें - कमिश्नर यशवंत कुमार
संभागायुक्त ने की काम-काज और योजना कार्यों की समीक्षा
महासमुंद : संभागायुक्त यशवंत कुमार ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर काम-काज और राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के साथ ही अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कमिश्नर कुमार ने बारी-बारी से विभागवार अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कृषि अधिकारी को जिले में किसानों को धान के अलावा अन्य फसल लेने के लिए और प्रोत्साहित करने को कहा। नरवा, गरवा, घुरूवा और बाड़ी योजना की प्रगति के बारे में अधिकारियों से पूछा। गोबर खरीदी और जैविक खाद उत्पादन और गौठानों में चल रही आर्थिक गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत दिए जा रहे भोजन और मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना में लाभान्वित हितग्राहियों आदि की जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान को बढ़ावा देने जिले में गंभीर कुपोषित, मध्यम कुपोषित, एनीमिक महिलाओं एवं कुपोषण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कमिश्नर यशवंत कुमार ने अधिकारियों से कहा कि स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित सामग्री का क्रय अपनी विभागीय जरूरत के मुताबिक सी-मार्ट से क्रय करें। ताकि स्व सहायता समूह की महिलाओं को मुनाफा हो और देशी उत्पादकों को और बढ़ावा मिले। राज्य शासन द्वारा हर जिले में देशी उत्पादकों की बिक्री के लिए सी-मार्ट खोले जा रहे हैं। इन सी-मार्ट स्टोरों में महिला समूह द्वारा बनाए गए हर्बल साबुन, आचार, मसालें हर घरेलू जरूरत की सामग्री महिला समूह द्वारा बनाकर बेची जाती है। उन्होंने जिले में वनअधिकार प्राप्त किसानों को विभागीय समन्वय स्थापित कर भूमि सुधार, डबरी निर्माण, पशु शेड, अर्न्तगत सूकरपालन, कुक्कुट पालन, बकरी पालन, सिंचाई सुविधा के विस्तार जैसे योजनाओं से लाभान्वित कर उनके आमदनी के स्त्रोत बढ़ाने सभी वनअधिकार पत्र धारी कृषकों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाने, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने शिक्षा अधिकारी को स्कूली बच्चों के किन्हीं कारणों से लंबित जाति प्रमाण पत्र तत्काल बनाकर संबंधित बच्चों को प्रदाय करने कहा। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था और फर्नीचर, उपकरणों आदि की भी जानकारी ली। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने जिले में चल रहे विभिन्न योजनाओं और शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर ओ.पी. कोसरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर यशवंत कुमार ने जिले में बारिश के कारण किसानों के फसल को हुए नुकसान एवं अतिवृष्टि के बारे में जानकारी ली। संबंधित अधिकारी ने बताया कि जिले में किसी भी विकासखण्ड से बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की जानकारी प्राप्त नहीं है। जिले में अच्छी बारिश होने के कारण खरीफ धान की फसल ठीक है। कमिश्नर ने रासायनिक खाद और जैविक के सबंध में जानकारी ली। उन्होंने मौसमी बीमारी के साथ ही कोविड बूस्टर डोज के बारे में पूछा और कहा कि सभी पात्र लोगों को कोविड बूस्टर डोज लग जाए इसके लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों से भी लोगों को जागरूक किया जाए।