बेटी के साथ पढ़ने वाले छात्र की महिला ने जहर देकर ली जान ,क्लास में करता था टॉप हो गई थी जलन
पुडुचेरी के कराईकाल में एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपनी बेटी के साथ पढ़ने वाले छात्र की सिर्फ इसलिए जान ले ली क्योंकि वो क्लास में हमेशा टॉप करता था. जी हां, आपने ठीक सुना. मामला नेहरू नगर के एक प्राइवेट स्कूल का है. बालानिकंदम नाम के छात्र को एक बच्चे की मां ने जहर देकर मार डाला.
प्रतिस्पर्धा के इस खौफनाक खेल में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की मां ने उसके सहपाठी को मौत के घाट उतार दिया. उसे इस बात की जलन होती थी कि ये छात्र हमेशा टॉप करता था और उसकी बेटी पीछे रह जाती थी. जहर देने के बाद छात्र को अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है.
ये महिला शुक्रवार को बच्चों के स्कूल में पहुंची और वहां के वॉचमैन से कहा कि बालानिकंदम की मां है. महिला ने वॉचमैन को दो सॉफ्ट ड्रिंक की बोतल दीं और कहा कि ये उसके बच्चे को दे देना. उस दिन स्कूल में एक छोटा कार्यक्रम भी था.
इवेंट में शामिल होने के बाद जब वॉचमैन को बच्चा मिला तो उसके वो सॉफ्टड्रिंक की बोतलें उसे देते हुए कहा कि ये आपकी मां ने आपके लिए भेजी हैं. छात्र ने उन्हें पी लिया लेकिन घर पहुंचते ही उसकी तबियत खराब हो गई.
घर पहुंचे छात्र को उल्टियां होने लगीं. इसके बाद बच्चे के माता-पिता उसे अस्पताल में लेकर गए और इलाज के बाद घर लेकर आ गए लेकिन उसकी तबियत में सुधार नहीं हुआ. शनिवार को वो फिर से बीमार हो गया और रात में उसे एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई. मौत से पहले बच्चे ने अपने माता-पिता को बता दिया था कि उसने एक सॉफ्टड्रिंक पी थी जो स्कूल के वॉचमैन ने उसे दी थी.
इस पर मां को लगा कि कुछ गड़बड़ी हुई है और फिर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. एसएसपी लोकेश्वर ने बताया कि पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि सग्यारानी नाम की महिला ने सॉफ्टड्रिंक में जहर मिलाया था.
फिलहाल महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच में महिला ने पुलिस को बताया कि उसने सॉफ्टड्रिंक में कोई ऐसा पदार्थ मिला दिया था जिससे बच्चे को डायरिया की शिकायत हो गई थी.