महासमुंद : एक से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं युवाओं को कृमिनाशक दवा (एल्बेंडाजोल) खिलाई जाएगी
जिले में चार लाख से अधिक बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी
09 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान चलाया जाएगा
कलेक्टर क्षीरसागर की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
महासमुंद : कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज समय-सीमा की बैठक के दौरान जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को शत-प्रतिशत बच्चों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जिले में शुक्रवार 09 सितम्बर 2022 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान चलाया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविन्द गुप्ता ने बताया कि इस बार जिले में 4 लाख 19 हजार 387 बच्चों को कृमिनाशक दवा (एल्बेंडाजोल) का सेवन कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह दवा वर्ष में 02 बार सेवन कराया जाता है। मितानिनों, ऑगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों द्वारा समस्त ऑगनबाड़ी केन्द्रों एवं शासकीय विद्यालयों, शासकीय अनुदान प्राप्त शालाओं, केन्द्रीय विद्यालयांे, नवोदय विद्यालयों, मदरसों, निजी स्कूलोें, अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षा संस्थानों के माध्यम से एक से 19 वर्षीय बच्चों, किशोर एवं किशोरियों को कृमिनाशक दवा की गोली का सेवन कराया जाएगा तथा छुटे हुए बच्चों के लिए मॉप-अप दिवस 14 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक से दो वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को आधी गोली चम्मच के द्वारा पानी में चुरा करके तथा दो से 19 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। एलबेन्डाजोल की गोली बच्चों और बड़ों के लिए सुरक्षित है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि कुछ बच्चों के शरीर में कृमि के कारण कुछ मामूली प्रभाव जैसे जी मिचलाना, उल्टी-दस्त, पेट में हल्का दर्द और थकान अनुभव होने की संभावना हो सकती है। इसलिए संबंधित कर्मचारियों को अपने समक्ष ही बच्चों को कृमिनाशक गोली बच्चों को खिलाने के निर्देश दिए गए है। यदि किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति होने पर टोल फ्री नम्बर 104 पर सम्पर्क किया जा सकता है एवं रेफरल के लिए संजीवनी एम्बुलेंस 108 की सेवाएं भी ले सकते हैं।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, अपर कलेक्टर ओ.पी. कोसरिया, एसडीएम महासमुंद भागवत जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी एस. चंद्रसेन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रोहित कुमार वर्मा, आर.एम.एन.सी.एच.ए. सलाहकार डॉ. मुकुन्द राव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। इसके अलावा सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), खण्ड चिकित्सा अधिकारी सहित विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी ऑनलाईन माध्यम से जुड़े थे।