महासमुंद : यूनिसेफ के उच्चस्तरीय अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने सिरपुर में सौर ऊर्जा आधारित जल वितरण प्रणाली का अवलोकन किया
महासमुंद : यूनिसेफ के उच्चस्तरीय अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल आज पुरातत्व नगरी एवं पर्यटन केन्द्र सिरपुर पहंुचे। इनमें मुख्य रूप से साउथ एशिया रिजनल ऑफिस काठमांडू के वॉश स्पेशलिस्ट मोहनलाल पेरिस, छत्तीसगढ़ के वॉश स्पेशलिस्ट श्वेता पटनायक, जल जीवन मिशन छत्तीसगढ़ के राज्य नोडल अधिकारी कैलाश मंढ़रिया उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने सिरपुर के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने सिरपुर में सौर ऊर्जा आधारित जल वितरण प्रणाली का भी अवलोकन किया।
उन्होंने जल वाहिनी एवं ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से मुलाकात कर जल वाहिनी की सदस्यों से जल की जॉच प्रक्रिया एवं उनके दायित्वों से संबंधित जानकारी लेते हुए जल जीवन मिशन को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और विद्यार्थियों से मुलाकात कर स्कूल मंे शुद्ध पेयजल की स्थिति के बारे में जानकारी ली। यूनिसेफ के उच्च स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल का ग्रामीणों, महिला स्व सहायता समूह एवं स्कूली बच्चों ने सिरपुर बाजार चौक पर सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया एवं स्कूली बच्चों ने सुंदर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड के कार्यपालन अभियंता एस.एस. धकाते, वॉश कंसलटेंट चार्मी पटेल, स्टेट प्रोजेक्ट क्वार्डिनेटर सुयश तंबोली, पी.एच.ई. के सहायक अभियंता अनिल कुमार लोनारे, उपअभियंता किशोर कुमार साहू, यूनिसेफ एसोसिएट नितिश महतो, एसीई के सचिव महेश अग्रवाल सहित जल जीवन मिशन के जिला समन्वयक हितेश प्रधान, पूजा वर्मा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।