प्रेमिका से मिलने गए युवक सहित 3 लड़कों की पिटाई
जांजगीर-चांपा जिले में प्रेमिका से मिलने गए युवक और उसके 2 साथियों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 सितंबर की है. मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के बरबसपुर गांव का बताया जा रहा है. इस वीडियो में एक युवक हाथ जोड़कर घुटनों के बल बैठा नजर आ रहा है, उसके साथ उसके 2 और साथियों की भी पिटाई लोगों ने की है.
बताया जा रहा है कि युवक किसी युवती से मिलने के लिए गांव में आए थे, तभी वे भीड़ के हत्थे चढ़ गए. पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है. वीडियो में बोलते हुए सुना जा सकता है कि तीनों युवक कुथुर गांव के रहने वाले हैं. लोग ये भी कहते नजर आ रहे हैं कि प्रेमी-प्रेमिका को मिलते हुए कोई देख नहीं ले, इसलिए उसके दोनों साथियों ने घरों के बाहर लगे बल्ब को निकाल लिया था. नवागढ़ थाना प्रभारी ने कहा कि अभी तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि वायरल वीडियो की सूचना पर इसकी जांच की जा रही है.