महासमुंद : कलेक्टर  क्षीरसागर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं ... - CG Sandesh

महासमुंद : कलेक्टर क्षीरसागर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने बसना एवं सरायपाली के गांवों में पहुंचे

कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल

सहित अन्य शासकीय कार्याें का किया अवलोकन

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है या नहीं उसे देखने के लिए कल बसना एवं सरायपाली विकासखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, एसडीएम नम्रता जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने बसना विकासखण्ड के आदर्श गौठान, संकरी में नरवा, गरवा, घुरूवा बाड़ी के अंतर्गत निर्मित गौठान पहुंचकर निरीक्षण किया।

गौठान में संचालित विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों का अवलोकन किया और स्व सहायता समूह के सदस्यों से चर्चा कर उन्हें आय मूलक गतिविधि संचालित करने प्रोत्साहित किया। इस दौरान कलेक्टर ने पात्र ग्रामीणजनों को प्रिकॉशन बूस्टर डोज लगाने की अपील की।

गौठान में स्व-सहायता समूह के सदस्यों से चर्चा कर गोधन न्याय योजना के तहत खरीदे गए गोबर व उत्पादित वर्मी कम्पोस्ट, रजिस्टर प्रबंधन, खातें में राशि जमा होने, खरीदे गए गोबर से वर्मी टांका को पूर्ण रूप से भरने, गौठान में वर्मी खाद उत्पादन, वर्मी वॉश निकालकर एकत्रित करने, चारागाह, सब्जी उत्पादन सहित अन्य जानकारी ली। उन्होंने समूह की दीदीयों से कहा कि वर्मी वॉश को एकत्रित कर बड़े डिब्बों में रखे। वर्मी वॉश का उपयोग फसलों के लिए बहुत ही उपयोगी होता है।

उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में मवेशियों को गौठान में लाने, गौठान समिति के सदस्यों से मवेशियों की अच्छे से देखभाल करने और उनके लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था करने कहा। गौठान में पशु चिकित्सक की निर्धारित तिथि अनुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक ने महिलाओं को वर्मी कम्पोस्ट को रखने के लिए बोरी बनाने एवं सिलाई के लिए मशीन दिलाने की बात कही। जिससे कि समूह की दीदीयों को वर्मी कम्पोस्ट रखने के लिए बोरी अन्य जगह से न मंगाना पड़े।

उन्होंने छुईपाली के आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आंगनबाड़ी केन्द्र में बेहतर शिक्षा, संस्कार देने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सफाई का भी ध्यान दें। उन्होंने कार्यकर्ता एवं सहायिका को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक भोजन कराने, स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र पर स्थित पुराने जर्जर भवन को शीघ्र तोड़कर मलबा को हटाने के निर्देश दिए।

बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने जिले में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल और हिन्दी माध्यम स्कूल संचालित की जा रही है। जहां बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए बेहतर लैब, लाइब्रेरी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने सरायपाली में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की गुणवत्ता और व्यवस्था का जायजा लेने पहंुचे। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर शिक्षिकों के अध्यापन के दौरान बच्चों के सीखने की क्षमताओं का आंकलन करते रहे। उन्होंने शिक्षकों के पढ़ाने की तकनीक का अवलोकन किया। कलेक्टर ने विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर सवाल-जवाब किए।

इसके उपरांत उन्होंने स्कूल के प्रयोगशाला कक्ष, लाईब्रेरी, कम्प्यूटर लैब, क्लासरूम, खेल मैदान, शौचालय का निरीक्षण किया। स्कूल परिसर मंे पुराने जर्जर भवन को तोड़कर मलबा का समतलीकरण करने, स्कूल को नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्रायोगिक कार्य कराने, लाईब्रेरी से पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि स्कूल के अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराएं। इसके पश्चात उन्होंने कनकेवा में न्यायाधीशों के आवासीय परिसर के लिए आबंटित जमीन का निरीक्षण किया। उन्होंने सरायपाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर चिकित्सकों से स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों की बेहतर तरीके से जांच एवं उपचार करने के निर्देश दिए।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें