महासमुंद : समग्र शिक्षा के़े योजनाओं को क्रियान्वयन के लिए 10 जिला स्तरीय नोडल अधिकारी चिन्हांकित
शाला विकास शाला प्रबंधन समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित करें
महासमुंद : जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने तथा समग्र शिक्षा के विभिन्न योजनाओं के जमीनी स्तर पर सफल क्रियान्वयन के लिए 10 जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों का चिन्हांकन किया गया है। उनके द्वारा बनाए गए कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण के लिए जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, महासमुन्द में जिला मिशन समन्वयक अशोक कुमार शर्मा की उपस्थिति में आज सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें सभी नोडल अधिकारियों द्वारा अपने कार्य क्षेत्र, उत्तरदायित्व से संबंधित प्रस्तुतीकरण एवं उन क्षेत्रों में सुधार के लिए सुझाव दिए।
जिला मिशन समन्वयक ने कहा कि शाला विकास शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक हर महीने आयोजित किया जाए। पठन, गणितीय कौशल विकास के लिए जिले के समस्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शालाओं में एक-एक शिक्षक को प्रभारी बनाकर अभियान के रूप में कार्य करें। 100 दिन 100 कहानी योजना जिले के उच्च प्राथमिक शालाओं में अनिवार्य रूप से संचालित करें। राष्ट्रीय उपलब्धि परीक्षा, असर सर्वे में बेहतर प्रदर्शन के लिए अभी से विद्यालय स्तर पर कार्य करना होगा। इसके लिए मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करना होगा। असर सर्वे नवंबर 2022 में होगा। इसके लिए आवश्यक तैयारी अभी से शुरू करें। अंगना म शिक्षा कार्यक्रम प्रत्येक शनिवार को प्राथमिक विद्यालयों में करें।
उन्होंने बताया कि जिले में सभी योजनाओं को लागू करने और उनके क्रियान्वयन के लिए विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें ‘‘अंगना म शिक्षा‘‘ कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी शा.मा.शाला आदर्श, महासमुंद की शिक्षिका भारती सोनी, एसएमसी को ऐक्शन मोड मे लाने हेतु’’ चौकबेड़ा के सहायक शिक्षक नीलकंठ यादव, ‘‘खिलौनों से सीखने, पियर लर्निंग के लिए’’ कसडोल के सहायक शिक्षक योगेश साहू, ‘‘पठन, गणितीय कौशल विकास के लिए गौरटेक के सहायक शिक्षक शिवकुमार साहू, एनएएस/असर सर्वे सुधार के लिए‘‘ भोथलडीह के सीएसी सतीश स्वरूप पटेल, ‘‘सौ दिन सौ कहानियॉ कार्यक्रम के लिए’’ बिन्द्रावन के शिक्षक रामप्रसाद साहू, ‘‘कबाड़ से जुगाड़‘‘ बेमचा के शिक्षक खेमराज साहू, ‘‘प्रयोगशाला, पुस्तकालय के उपयोग के लिए’ खल्लारी के व्याख्याता मनोज कुमार साहू, कौशल चन्द्राकर, ‘‘उपचारात्मक शिक्षण-उच्च प्राथमिक के लिए’’ गोंड़बहाल के शिक्षक मनोज कुमार पटेल द्वारा उनके कार्य क्षेत्र से संबंधित कार्ययोजना बनाकर प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस अवसर पर समग्र शिक्षा सहायक कार्यक्रम के समन्वयक विद्या साहू, डेटा एनालिस्ट आलोक सोनी, न्यूमरेसी नमिता झा, लिटरेसी प्रियंका पटेल उपस्थित थे।