बसना : बीजेपी में घर वापसी के बाद डॉ. संपत अग्रवाल का नगर मे... - CG Sandesh

बसना : बीजेपी में घर वापसी के बाद डॉ. संपत अग्रवाल का नगर में हुआ भव्य स्वागत.

नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संपत अग्रवाल की भारतीय जनता पार्टी में घर वापसी होने उपरांत आज बसना नगर में उनका प्रथम आगमन हुआ. इस आगमन पर बाइक रैली के साथ जोरदार आतिशबाजी करते हुए बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने संपत अग्रवाल को शहीद वीरनारायण सिंह चौक के पास सभा स्थल तक जोरदार नारे लगाते हुए स्वगात किया. इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के हाथ में बीजेपी के झंडे और गले में बीजेपी का गमछा नजर आया.

डॉ. संपत अग्रवाल ने बीजेपी में अपनी वापसी के बाद करीब 80 हजार नीलांचल सेवा समिति के सदस्यों की सूचि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सौंपकर उन्हें भी भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनाया है.

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा शहीद वीरनारायण सिंह के मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर किया गया. नीलांचल सेवा समिति के कार्यकर्ता सहित करीब सैंकड़ों नगरवासियों ने डॉ. संपत अग्रवाल को माला पहनाकर अथवा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.

इस कार्यक्रम में करीब 2.5 से 3 हजार की भीड़ मौजूद थी, जिनके द्वारा लागातार भारतीय जनता पार्टी और संपत अग्रवाल के समर्थन में नारे लगाये जा रहे थे. इस दौरान कांग्रेस के पूर्व नेता और बसना नगर के पूर्व पार्षद निर्मल दास भी बीजेपी के गमछे और मंच में संपत अग्रवाल के साथ नजर आये.

हालाकि बीजेपी के कई कार्यकर्ता सहित भाजपा जिला अध्यक्ष इस कार्यक्रम में नजर नहीं आई. बताया जा रहा है कि संपत की वापसी के बाद कुछ बीजेपी कार्यकर्ता में आपसी मन मुटाव चल रहा है, जिसपर संपत ने मिडिया में जवाब देते हुए कहा कि जल्द ही सभी को मना लिया जाएगा.

कार्यक्रम के दौरान संपत अग्रवाल ने अपने व्यक्तव्य में सभी का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि मैं मूल रूप से संघ का स्वयंसेवक रहा हूँ, भारतीय जनता पार्टी मेरा परिवार है. उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए ना चाहते हुए भी कुछ काम कभी-कभी हो जाता है. जो कि कुछ समय के लिए हुआ था.

डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि आज मै अभिभूत हूँ, गदगद हूँ, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी में मैं वापस आ चूका हूँ. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्त्व को धन्यवाद देते कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी होने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा.


अन्य सम्बंधित खबरें