कांकेर में मनाया जाएगा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
जिला अस्पताल, हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में आयोजित होगा विशेष स्क्रीनिंग
जिले में विश्व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के तहत हुए विविध गतिविधि
कांकेर : लोगों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिये प्रतिवर्ष 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में आज जिले में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान लोगों को मानसिक अस्वस्थता के कारणों, लक्षणों तथा इससे बचाव हेतु उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही औद्योगिक महिला प्रशिक्षण संस्थान के अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. अविनाश खरे ने बताया: "जिले मे विश्व मानसिक दिवस के प्रति जनजागरुकता के लिए जिला अस्पताल सहित सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, शिविर के माध्यम से मनोरोगियों की पहचान एवं उपचार किया जाएगा। 10 अक्टूबर यानी आज के दिन हर साल दुनियाभर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसका मकसद मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैलाना है ताकि दुनियाभर में लोग सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को भी गंभीरता से लें और उसके प्रति सजग और सतर्क रहें। अतः जिले वासियों से अपील है कि वे अपने आस पास ऐसे लोग जो मानसिक रूप से कमजोर हैं उन्हें उचित उपचार हेतु नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आएं।"
जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. किशोर कुमार ध्रुव ने बताया: "अगर किसी व्यक्ति को किसी तरह की मानसिक दिक्कत होती है तो उसे नजरअंदाज करने की बजाए उसके बारे में बात की जाए और मानसिक स्वास्थ्य को भी उतनी ही अहमियत दी जाए जितनी अन्य शारीरिक स्वास्थ्य को दी जाती है। अपने दैनिक गतिविधियों में से कुछ समय निकालकर खुद के लिये समय दें,योगाभ्यास करें, खानपान में सुधार करें और पर्याप्त नींद लें। मानसिक अस्वस्थता की स्थिति हो तो घबराएं नही, जिला अस्पताल में स्पर्श क्लीनिक के माध्यम से मानसिक रोगियों को निःशुल्क परामर्श व उपचार दिया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय आत्महत्या रोकथाम लाइफलाइन नंबर (1-800-273-8255) में कॉल कर अपनी समस्या बता सकते हैं।”
विश्व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के तहत हुए विविध गतिविधि:-
जिला मनोवैज्ञानिक सलाहकार डा. विनोद वैद्य ने बताया: " मानसिक स्वास्थ्य में प्रति जागरूकता फैलाने जिले में 3 अक्टूबर से जागरूकता सप्ताह आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 11 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने कांकेर जेल में तनाव प्रबंधन एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम, भानूप्रतापपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्क्रीनिंग कैंप, हाटकोंदल हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में जन चौपाल आयोजित कर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बताया।"