बसना : सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त - CG Sandesh

बसना : सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त

राजीव गांधी सेवा केंद्र भवन सिंघनपुर में सोमवार को सरपंच सत्यवती तरुण नर्मदा के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के कारण गहमागहमी का माहौल रहा। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में कुल 6 मत प्राप्त हुए। 2 पंच अनुपस्थित रहे। वहीं अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में 8 पंचों ने मतदान किया। अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 11 मत की आवश्यकता थी, लेकिन तीन चौथाई से कम मत प्राप्त होने पर सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त हो गया। बसना तहसीलदार रामप्रसाद बघेल ने बताया कि 10 अक्टूबर को 11 बजे सम्मेलन प्रारंभ किया गया।

विधि सम्मत संपूर्ण कार्यवाही पूर्ण की गई। इस दौरान ग्राम पंचायत सिंघनपुर के पंचों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 6 मत एवं विरोध में 8 मत प्राप्त हुए। दो पंच अनुपस्थित रहे। अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 11 मत की आवश्यकता थी। जबकि, समर्थन में केवल 6 मत प्राप्त हो पाया। इस तरह तीन चौथाई से कम मत प्राप्त होने पर सिंघनपुर सरपंच सत्यवती तरुण नर्मदा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त हो गया।

बता दें कि ग्राम पंचायत सिंघनपुर के सभी 15 पंचों द्वारा हस्ताक्षर कर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली को आवेदन दिया गया था कि ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए काम का हिसाब सरपंच के द्वारा पंचों को नहीं दिया जा रहा है। मासिक बैठक के जगह तीन-चार महीनों में बैठक ली जा रही है। निर्माण कार्य गुणवत्ताविहीन हो रहा है। पेयजल व्यवस्था ठीक से नहीं की जा रही है, जो पेयजल की व्यवस्था की गई है, उसमें भी अनियमितता है। स्वच्छता कार्य एवं गली कंक्रीटकरण में भी भारी अनियमितता की गई है।

सरपंच सत्यवती तरुण नर्मदा ने बताया कि पंचों के द्वारा लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उन्हें बदनाम एवं परेशान करने के लिए इस प्रकार का षड्यंत्र किया गया, जिसमें वह सफल नहीं हो पाए। गांव का बेहतर ढंग से विकास किया जा रहा है। उनके द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से गांव के लोग खुश हैं। ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं है।

अविश्वास प्रस्ताव सम्मेलन में पीठासीन अधिकारी बसना रामप्रसाद बघेल, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी राजनारायण शर्मा, सिंघनपुर सचिव संतलाल नायक, सिंघनपुर सरपंच सत्यवती तरुण नर्मदा, उपसरपंच गजेन्द्र कश्यप तथा पंच टिकेश्वरी कश्यप, वृन्दावती मानिकपुरी, शांति सोनवानी, पद्मावती कश्यप, पंचमोती सिदार, यशोबंती नायक, मनमोती पटेल, कांति भोई, राजेंद्र चौधरी, हरिशंकर राजहंस, राजेंद्र सोनी व महेंद्र सोनी उपस्थित थे।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें