सारंगढ़ में युवक ने घर में फहराया पाकिस्तानी झंडा, जमकर हुआ बवाल
छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले सारंगढ़ में बुधवार को जमकर विवाद हुआ है. यहां सरिया में एक फल विक्रेता के घर कथित तौर पर पाकिस्तानी झंडा फहराया गया था. इसको लेकर जमकर बवाल हुआ है.
पुलिस ने घर से कथित पाकिस्तानी झंडा हटा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन इस पर बीजेपी ने सियासत शुरू कर दी है. बुधवार रात बीजेपीके कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया.
दरअसल बुधवार सुबह सरिया के अटल चौक के पास एक फल विक्रेता के घर में कथित तौर पर पाकिस्तानी झंडा लहरा रहा था. इसे देखकर आसपास के लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई और पुलिस से इसकी शिकायत की गई.
सरिया पुलिस ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तुरंत फल विक्रेता के घर से झंडा उतारकर बरामद किया. इसके अलावा फल विक्रेता को देश के आदर सम्मान का अपमान करने के लिए गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि सरिया के अरूण कुमार शराप ने लिखित आवेदन दिया कि एक विशेष समुदाय के व्यक्ति के घर के छत में कथित पाकिस्तानी झंडा लगा हुआ था, जिससे अपने देश के प्रति आदर व सम्मान का अपमान किया गया, उस व्यक्ति ने सौहार्द्र बिगाड़ने का कार्य किया है.
इस आवेदन के आधार पर व्यक्ति के खिलाफ 223/22 भारतीय दंड सहिता की धारा 153-क के तहत मामला दर्ज किया गया और त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में आगे की जांच जारी है.