महिला को जिंदा निगलकर धूप में आराम फरमा रहा था अजगर, लोगों न... - CG Sandesh

महिला को जिंदा निगलकर धूप में आराम फरमा रहा था अजगर, लोगों ने पेट फाड़कर निकाला शव

इंडोनेशिया में 22 फीट लंबा अजगर 54 साल की महिला को जिंदा निगल गया। महिला को निगलने के बाद अजगर जंगल में एक खुले स्थान पर धूप में आराम कर रहा था। लोगों ने उसे पकड़ लिया और पेट फाड़कर शव बाहर निकाला।

घटना इंडोनेशिया के जाम्बी राज्य की है। यह सुमात्रा द्वीप पर स्थित है। जाहराह नाम की एक महिला अकेली जंगल में गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी थी। महिला घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी। इसके बाद गांव के लोगों का एक दल जंगल में महिला की तलाश में गया।

धूप में आराम कर रहा था अजगर
महिला के गायब होने के दो दिन बाद गांव के लोगों ने देखा कि जंगल में खुले स्थान पर एक बहुत विशाल अजगर धूप में आराम कर रहा है। अजगर का पेट बहुत फूला हुआ था। इसके बाद गांव के लोगों ने भाला मारकर अजगर को मार डाला। इसके बाद पेट फाड़कर अंदर से शव निकाला। दो दिन सांप के पेट में रहने से महिला का शव खराब हो गया था। 

दरअसल, इंडोनेशिया में पाम की खेती के लिए बड़े पैमाने पर जंगलों का सफाया किया गया है। जंगलों का सफाया होने से जंगली जानवरों और इंसानों के बीच संघर्ष बढ़ा रहा है। घने जंगलों में रहने वाले अजगर अब इंसानों के संपर्क में अधिक आ रहे हैं।

रबर लाने गई थी महिला
गांव के मुखिया एंटो ने कहा कि पीड़िता शुक्रवार को पेड़ों से रबर लेने के लिए बगीचे की ओर जा रही थी। परिवार ने उसके लापता होने की सूचना स्थानीय अधिकारियों को दी। इसके बाद उसकी तलाश की गई। सांप को गांव के लोगों ने मार डाला। इसके बाद पेट काटकर देखा गया तो पता चला कि जिस महिला की तलाश ग्रामीण कर रहे थे उसका शव सांप के पेट में था।

दुनिया के सबसे लंबे सांप हैं जालीदार अजगर
एंटो ने कहा कि इस घटना के बाद गांव के लोग डरे हुए हैं। गांव के लोगों के कहना है कि इतना ही बड़ा एक और अजगर आसपास के जंगल में है। मुखिया के अनुसार गांव के कुछ लोगों ने दावा किया है कि उन्होंने करीब 27 फीट लंबा अजगर देखा है। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सांप के बड़े आकार से वे डर गए।

बता दें कि जालीदार अजगर दुनिया के सबसे लंबे सांप हैं। ये दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में पाए जाते हैं। इनकी लंबाई 25 फीट तक हो सकती है। वयस्क होने पर ये सांप कुत्तों, जंगली सूअर, हिरण और बंदरों का शिकार करते हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें