महासमुंद : राष्ट्रीय एकता दिवस पर विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष ... - CG Sandesh

महासमुंद : राष्ट्रीय एकता दिवस पर विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सीईओ ने दौड़ लगाई

महासमुंद : देश भर में आज 31 अक्टूबर को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 147वीं जयंती मनाई जा रही है। सरदार पटेल की पूरे राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जिला प्रशासन, नेहरु युवा केन्द्र, खेल एवं युवा कल्याण महासमुन्द के संयुक्त तत्वाधान में आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता दौड़ का आयोजन जिला मुख्यालय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्रारम्भ किया गया।

इस दौरान संसदीय सचिव एवं महसमुंद विधायक विनोद चंद्राकर ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के छाया चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया और एकता दौड़ के लिए उपस्थित नागरिकों को हरी झण्डी दिखाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 31 अक्टूबर को हर साल नेशनल यूनिटी डे के रूप में मनाया जाता है। वे भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 565 रियासतों को भारत संघ में मिलाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

उन्होंने अंग्रेजों से आजाद हुए लगभग सारी रियासतों को भारत संघ में शामिल होने के लिए राजी करने का काम किया था। भारत की एकता को बनाए रखने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अनेक महत्वपूर्ण काम किए है। देश की एकता बनाए रखने के अनेक प्रयासों के कारण सरदार वल्लभ भाई पटेल को ‘भारत के लौह पुरुष’ के नाम से भी जाना जाता है। चंद्राकर ने उपस्थित नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाए रखने शपथ दिलाई।

इस अवसर पर कार्यक्रम को नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राशि महिलांग, भारत स्काउट एंड गाइड के जिलाध्यक्ष दाऊ लाल चंद्राकर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। राष्ट्रीय एकता दौड़ में विधायक विनोद चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जिला पंचायत के सीईओ एस. आलोक ने भी दौड़ लगाई। इस अवसर पर पार्षद महेंद्र जैन, मनीष शर्मा, मीना वर्मा, एसडीएम राकेश गोलछा सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, पुलिस, वन कर्मी, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया कर्मी, छात्र-छात्राएं, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी एवं खिलाड़ियों ने भी एकता दौड़ में शामिल हुए।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें