news-details

महासमुंद : जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का 24 एवं 25 नवंबर को होगा आयोजन

सीईओ आलोक ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की

महासमुंद : जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2022-23 की जिला स्तरीय आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी और उनके द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा की। जिला मुख्यालय महासमुंद में जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का आयोजन कल गुरूवार 24 नवम्बर और शुक्रवार 25 नवम्बर 2022 तक दो दिन का होगा।

जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल का आयोजन जिला मुख्यालय के तीन मैदानों इनमें मिनी स्टेडियम, वन विद्यालय परिसर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि जिन-जिन विभागों के अधिकारियों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे पूरी ईमानदारी और गुणवत्तापूर्ण करें।

एस. आलोक ने बारी-बारी से अधिकारियों से की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल छत्तीसगढ़ की पारम्परिक खेलों पर आधारित है। इस खेल का शुभारम्भ मुख्यमंत्री भुपेश बघेल द्वारा 06 मई को राजधानी रायपुर में किया गया था। यह खेल ग्रामीण स्तर से लेकर राज्य स्तर तक अलग-अलग चरणों में खेला जा रहा है। राज्य स्तर पर छटवां स्तर का छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 28 दिसम्बर 2022 से 06 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा। उन्होंने छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल के बेहतर आयोजन के लिए खेल मैदान की तैयारी, चिकित्सा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, स्टेज निर्माण, बैठक व्यवस्था, भोजन-पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं बेहतर से बेहतर करने तथा प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के लिए परिचय पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

जिला स्तरीय खेल में तीन आयु वर्ग 18 आयु वर्ग तक, 18-40 आयु वर्ग और 40 आयु वर्ष से अधिक महिला-पुरुष पाँचों विकासखंड और नगरीय क्षेत्र महासमुंद दो क्लस्टर के विजेता खिलाड़ी शामिल होंगे। खेलों में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक 14 विधाओं के खेल खेलें जाएंगे। जिसमें 8 दलीय खेल गिल्ली डंडा, पिट्ठूल, संखली, लंगड़ी, दौड़ कब्बड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बाँटी (कंचा) शामिल है। इसी प्रकार 6 एकल खेल बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़ भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद शामिल है।

24 नवम्बर को मिनी स्टेडियम में प्रातः 11ः00 बजे से लंगड़ी दौड़, पिट्ठूल, बाँटी (कंचा), कब्बड्डी, खो-खो एवं रस्साकसी खेल का आयोजन होगा। इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संखली एवं गिल्ली डंडा की प्रतियोगिता होगी। 25 नवम्बर को वन विद्यालय परिसर में प्रातः 11ः00 बजे से 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद एवं मिनी स्टेडियम में बिल्लस, फुगड़ी एवं भंवरा खेल का आयोजन होगा। जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ी संभाग स्तर पर 05 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर छठवां स्तर का छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 28 दिसम्बर 2022 से 06 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा।




अन्य सम्बंधित खबरें