राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज करेगी प्रवे... - CG Sandesh

राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज करेगी प्रवेश, होगी ध्वज सौंपने की प्रक्रिया

आगरमालवा: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में आज तेरहवें दिन आगरमालवा जिले से राजस्थान के चनवली में शाम को प्रवेश करेगी। प्रदेश कांग्रेस के अनुसार राहुल गांधी शाम को राजस्थान में प्रवेश करेंगे और प्रवेश के साथ ही 'ध्वज सौंपने' की प्रक्रिया होगी। इस अवसर पर मध्यप्रदेश और राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।इसके पहले राहुल गांधी की पदयात्रा आज सुबह आगरमालवा जिले के लालाखेड़ी के पास अन्नपूर्णा ढाबा से प्रारंभ हुयी और यह सुबह लगभग दस बजे सोयतकला पहुंच गयी। पूर्वान्ह का यात्रा विराम यहीं पर रहेगा। इसी स्थान से पदयात्रा दोपहर साढ़े तीन बजे फिर प्रारंभ होगी और शाम काे लगभग साढ़े छह बजे डोंगरगांव में पिपलेश्वर बालाजी मंदिर के पास पहुंचेंगी। इसके बाद यात्रा कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी।

वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा लगभग तीन माह पहले कन्याकुमारी से प्रारंभ हुयी थी। इस यात्रा ने 23 नवंबर को महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश से बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया था। इसके बाद श्री गांधी इन तेरह दिनों में बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन होते हुए आगरमालवा जिले में पहुंचे हैं। राहुल गांधी की यात्रा जम्मू कश्मीर पहुंचकर संपन्न होगी। वे अब तक दो हजार से अधिक किलोमीटर चल चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी, विवेक तन्खा, विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ गोविंद सिंह, जयवर्धन सिंह, सचिन यादव समेत दर्जनों वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता राज्य में यात्रा के साथ रहे।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें