महासमुंद : कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में भूमि आबंटन, नियमितीकरण की प्रक्रिया में गति लाने सभी नगरीय क्षेत्रों में कैम्प लगाने के दिए निर्देश
विभागों के लंबित प्रकरणों को अधिकारी समय-सीमा पर पूरा करें: कलेक्टर श्री क्षीरसागर
महासमुंद : कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के समीक्षा के दौरान सभी जिला नोडल अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने तथा लक्ष्य के अनुरूप धान खरीदी एवं मिलर्स द्वारा धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जिले में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के आयोजन के दौरान विधानसभावार किए गए घोषणा एवं निर्देशों का पालन निर्धारित समय में करने एवं प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान 2525 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनमें से 2271 मांग से संबंधित तथा 254 शिकायत संबंधित आवेदन प्राप्त हुए थे। पीजी पोर्टल, पीजीएम पोर्टल, जन शिकायत, सीएम जन चौपाल, कलेक्टर जनदर्शन, लोक सेवा केन्द्रों सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की संख्या को देखते हुए उसकी प्रतिदिन समीक्षा कर शीघ्रता से निराकरण करने को कहा।
समय सीमा की बैठक में विभिन्न सरकारी कार्यालयों के लिए भूमि आबंटन की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों, जन शिकायतों एवं जनसमस्याओं के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने नरवा विकास के तहत स्वीकृत सभी कार्यों को बारिश के पहले पूर्ण करने, तृतीय चरण में स्वीकृत सभी गौठानों में लगातार गोबर खरीदी करने एवं गौठानों में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होेंने कहा कि रीपा के अंतर्गत स्वीकृत अपूर्ण कार्य को 31 जनवरी तक पूरा कराएं। इसके लिए सभी जनपदों को राशि भेजी गई है। जिले में नरेगा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न रोजगार मूलक कार्य शुरू किए गए है, वहां श्रमिकों की संख्या में और अधिक बढ़ोत्तरी करें। जिससे की उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में ही रोजगार मिल सके। स्वामी आत्मानंद हिन्दी-अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के प्रगतिरत भवन निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्रों में 7500 वर्गफीट भूमि का आबंटन, नियमितीकरण करने की प्रक्रिया में और गति लाने तथा इसके लिए जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में हितग्राहियों के लिए कैम्प लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी 26 जनवरी को आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी के लिए विभिन्न विभागों को जवाबदारी सौंपी। उन्हांेने गरिमामय समारोह के लिए मुख्य मंच, साज-सज्जा, विशिष्ट अतिथियों एवं आमंत्रित अतिथियों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, यातायात, पार्किंग सहित सभी आवश्यक तैयारियों के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, ओ.पी. कोसरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. बंजारे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।