बसना थाना क्षेत्र में प्रतिदिन हो रहा 5 लाख रुपये के महुआ शराब का अवैध कारोबार!
बसना थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब का कारोबार जोरों शोरों पर है। थाना क्षेत्र में प्रतिदिन 5 लाख रुपये तक के अवैध महुआ शराब का कारोबार किया जा रहा है। पुलिस कार्यवाही में जो शराब पकड़ती है वह समुद्र से लोटे के बराबर पानी निकालने जैसा है।
बसना थाना क्षेत्र में 230 से भी अधिक गांव आते हैं, जिसमे से 180 से 200 गाँव में रोज़ाना महुआ शराब बेचा जाता है। एक अनुमान के अनुसार एक गांव में प्रतिदिन 20 लीटर तक के महुआ शराब की खपत है। जिसके आकलन से थाना क्षेत्र में करीब 3500 लीटर के महुआ शराब का कारोबार रोजना हो रहा है। जिसकी कीमत 200 रुपये प्रति लीटर की दर से 7 लाख रुपये तक हो जाती है। राउंड फिगर यदि 5 लाख रुपये प्रतिदिन भी मान लिया जाए तो महीने का 1.5 करोड़ के अवैध शराब का कारोबार इस एक थाना क्षेत्र में किया जा रहा है। इससे राज्य के राजस्व में कितना नुकसान हो रहा होगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
थाना क्षेत्र में दर्जन भर से अधिक गांव ऐसे हैं जो महुआ शराब के लिए हब बन चुके हैं। इनका नेटवर्क पूरे क्षेत्र में फैला है। जो कोचियों की डिमांड के अनुसार आसानी से माल उपलब्ध करा देते हैं।
सबसे पहले बात करते हैं बसना नगर की ही, यहाँ के वार्ड नंबर एक में करीब 20 से 22 घरों में महुआ शराब का निर्माण किया जाता है जिसे लेने भोर से ही कोचिये पहुंचने लगते हैं।
वार्ड नंबर 1 में ही सप्ताह भर पूर्व अवैध शराब की शिकायत करने वाले को, शराब बेचने की शिकायत करता है कहकर एक व्यक्ति ने मारपीट की। बिना पुलिस कार्यवाही ही बेचने वाले को शिकायत किये की सुचना मिल गयी और उसने शिकायत करने वाले कि पिटाई कर दी । मामले में काउंटर केश दर्ज है। लेकिन फिर भी यहाँ महुआ शराब का कारोबार नही थमा। इन 20 से 22 घरों में रोजाना 500 से 700 लीटर महुआ शराब बनाकर कोचियों के माध्यम से गांव-गांव बेचा जाता है।
इसके बाद वार्ड क्रमांक 1 से लगे ग्राम खेमड़ा में भी अवैध शराब का निर्माण किया जाता है। बसना से लगे ग्राम गढ़पटनी सुरंगी नाला, संबहली, चनाट, बेल्डीह पठार, तोषगांव जैसे दर्जनों गांव में शराब माफियाओं द्वारा कोचिये की डिमांड को पूरा किया जाता है। यदि इनमे से कोई एक गांव पर कार्यवाही भी होती है तो दूसरे गांव के कारोबारी कोचिये की डिमांड पूरी करने में लग जाते हैं।
कई बार तो एक अवैध शराब का कारोबारी दूसरे कारोबारी पर उसका धंधा बंद करने लगातार पुलिस में शिकायत कर चढ़ावा भी देता है।