महासमुंद : कलेक्टर ने मनरेगा में दिए गए लक्ष्य की पूर्ति तेजी से करने के दिए निर्देश
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक
महासमुंद : कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक हुई। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जिले के विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से भेंट मुलाकात के दौरान की गई घोषणा पर जिला स्तर से तुरंत कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही घोषणाओं पर राज्य स्तर से की जाने वाली कार्यवाही के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, ओ.पी. कोसरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. बंजारे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर क्षीरसागर ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना दिए गए मानव दिवस लक्ष्य पूर्ति में तेजी से कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है दिए गए लक्ष्य के लिए कम समय है। सभी कार्यां को गम्भीरता से करें। उन्होंने कहा गौठानों में नियमित तौर पर गोबर की खरीदी और वर्मी उत्पादन होता रहे यह ध्यान रखें। इसकी पोर्टल में समय पर एंट्री हो यह सुनिश्चित करें। उन्होंने गौठान नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोबर खरीदी और वर्मी उत्पादन का मिलान अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि जिले में छत्तीसगढ़ महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) योजना अंतर्गत जिले के सभी ब्लॉकों में चिन्हांकित ग्राम पंचायत गौठानों में राशि मंजूर की गई है। इसमें निर्माण एवं आजीविका संबंधित गतिविधियों का संचानल शुरू करें। ताकि इंडस्ट्रियल पार्क के माध्यम से गरीब परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का साधन बनें। कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों का निराकरण का दायित्व आपका है। प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करें। उन्होंने पीजी पोर्टल, जन शिकायत, जन शिकायत वेब, मुख्यमंत्री जन चौपाल, कलेक्टर जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय में करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को राजस्व संबंधित प्रकरणों का निराकरण भी समय पर करने के निर्देश दिए।