महासमुंद : अधिकारी नयी और पुरानी पेंशन के विकल्प भरवाकर संबंधित जानकारी अविलंब अपलोड करें - कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक
इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : कलेक्टर
महासमुंद : 1 नवम्बर 2004 से 31 मार्च 2022 के मध्य नियुक्त शासकीय सेवकों के लिए पुरानी पेंशन योजना का लाभ लेने या नयी पेंशन योजना (एनपीएस) में यथावत बने रहने का विकल्प अभी तक जिन अधिकारी-कर्मचारियों ने चयन नहीं किया है, वह 24 फरवरी तक कर लें। इस कार्य को सभी कार्यालय प्रमुख/सरकारी आहरण संवितरण अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ अपने अधिकारियों से विकल्प भरवाकर छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार संबंधित जानकारी अविलंब अपलोड करना सुनिश्चित करें। इस संबंध में कोई समस्या या दिक्कत आ रही है तो जिला कोषालय अधिकारी से सम्पर्क कर समस्या का निदान करें। उक्त निर्देश कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने आज यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक दिए।
कलेक्टर क्षीरसागर ने राजस्व अधिकारियों को लोगों के लंबित समय सीमा के राजस्व प्रकरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, वनाधिकार पत्र आदि का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। नगरीय क्षेत्र में स्थित 7500 वर्ग फीट भूमि तक अतिक्रमित भूमि के व्यवस्थापन का नियमानुसार लाभ दें। ताकि संबंधित को शासकीय भूमि का वास्तविक मालिकाना हक मिले। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को निर्धारित गाइड-लाइन अनुसार राशि जमा कर अतिक्रमण भूमि के व्यवस्थापन योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता से भेंट मुलाकात के दौरान की गई घोषणा और समाज सेवी संगठनों और समाज प्रमुखों से मुलाकात के दौरान की गई घोषणाओं में अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली।
कलेक्टर क्षीरसागर ने कहा कि जिन विकासखण्डों से राजीव युवा मितान क्लब से उपयोगिता प्रमाण पत्र की जानकारी नहीं दी गई है वे तत्काल दें। कलेक्टर ने बारी-बारी से विभिन्न विभागों से समय सीमा के प्रकरणों की अद्यतन की जानकारी ली। इस अवसर पर अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, ओ.पी. कोसरिया, एसडीएम उमेश साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. बंजारे, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।