महासमुंद : सरकारी कर्मचारी अपने जीपीएफ़ खातों की त्रुटि संबंधी समस्याओं का करा सकते है निराकरण, शिविर का होगा आयोजन
1 से 4 मई तक आयोजित होगा शिविर, महालेखाकार के कर्मचारी करेंगे त्रुटि सुधार
महासमुंद : सरकारी अधिकारी-कर्मचारी के सामान्य भविष्य निधि खातों में त्रुटियों के निराकरण एवं संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला कोषालय में आगामी 1 मई से 4 मई तक चार दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला कोषालय अधिकारी टी.पी.वर्मा ने बताया कि महालेखाकार कार्यालय के कर्मचारी शिविर में रहकर जीपीएफ़ त्रुटि संबंधी समस्याओं का निराकरण करेंगे। यह चार दिवसीय शिविर पूर्वाह्न 11ः00 बजे से आयोजित होगा।
वर्मा ने जिले के कर्मचारियों से अपील की है कि यदि किसी कर्मचारी के सामान्य भविष्य निधि खाते में किसी प्रकार की कोई त्रुटि है तो वे त्रुटि सुधार के लिए आवश्यक दस्तावेज के साथ शिविर में उपस्थित होकर निराकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि त्रुटि सुधार के लिए दस्तावेज संबंधित डीडीओ से सत्यापित होना अनिवार्य है।