महासमुंद : नवकिरण अकादमी में वित्तीय साक्षरता विषय पर किया गया क्विज प्रतियोगिता का आयोजन
कलेक्टर एवं सीईओ ने विजेताओं को दिए पुरस्कार
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम के बच्चों ने मारी बाजी
महासमुंद : भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वित्तीय साक्षरता विषय पर जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि व लीड बैंक मैनेजर की उपस्थिति में 10 मई को नवकिरण अकादमी महासमुन्द में आयोजित किया गया। जिसमें विकासखण्ड स्तर से चयनित एक-एक टीम ने भाग लिया।
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुन्द एस. आलोक के द्वारा मोमेन्टो से सम्मानित कर व पुरस्कार राशि की घोषणा की गई। सम्मिलित प्रतिभागियों में प्रथम स्थान क्षितिज पाण्डेय एवं रूद्राक्ष चन्द्राकर, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नयापारा, महासमुन्द, द्वितीय स्थान अंशु चन्द्राकर एवं वर्षा यादव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बागबाहरा एवं तृतीय स्थान श्वेता पटेल एवं लीजा साहू, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सरायपाली प्राप्त किया। जिसे संबंधित प्रतिभागी के खातों में अंतरित की जायेगी।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जिला स्तरीय प्रथम स्थान प्राप्त टीम को 10,000, द्वितीय स्थान टीम को 5,000 एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 3,000 प्रदान की जायेगी। इसी प्रकार पूर्व में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के प्रथम टीम को 5,000, द्वितीय टीम को 3,000 एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 1,500 की राशि प्रदान की जावेगी।
जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने वित्तीय साक्षरता के महत्व व उपयोगिता पर अपने अनुभवों को प्रतियोगियों के साथ साझा किया। वहीं अध्यक्षता कर रहे मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक ने क्विज में पूछे जाने वाले प्रश्नों की तारीफ करते हुये बच्चों को प्रोत्साहित किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पांच टेबल राउण्ड में वित्तीय साक्षरता पर आधारित प्रश्न किये गये जिसमें राज्य से संबंधित प्रश्न, सामान्य अर्थशास्त्र व वित्त संबंधित प्रश्न, भारतीय रिजर्व बैंक संबंधित प्रश्न, अन्य नियमित और वित्तीय निर्देश संबंधित प्रश्न एवं जी 20 संबंधित प्रश्न शामिल थे।
इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित होकर वित्तीय साक्षरता के विषय में सबको अवगत कराया गया। कार्यक्रम में लीड बैंक मैनेजर अनुराग श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी सहित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता जिला नोडल अधिकारी हिमांशु भारतीय, ईश्वर चन्द्राकर, जिला समन्वयक नवकिरण अकादमी मौजूद थे। साथ ही क्विज प्रतियोगिता में नवकिरण अकादमी/ग्रंथालय के 200 से अधिक बच्चे, विकासखण्ड स्त्रोत केन्द्र समन्वयक जागेश्वर सिन्हा, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सोरी सहित प्रभारी शिक्षकगण उपस्थित रहें।