तुमगांव : दो मोटरसायकल की भिडंत के बाद भैस से टकराकर एक की मौत
तुमगांव थाना क्षेत्र के गढसिवनी नाला के पास एक मोटरसायकल ने दूसरी मोटरसायकल को पीछे से ठोकर मार दी, जिससे आगे जा रही मोटर सायकल भैंस से टकरा गयी. मोटरसायकल के पीछे बैठे व्यक्ति गिरधर को गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
गिरधर निषाद पिता संतोष निषाद उम्र 34 साल निवासी पीढी 18 अप्रैल को रात करीब 09:30 बजे मोटरसायकल क्रमाक CG 06 GT 5651 में हीराधर निषाद के साथ ग्राम गढ़सिवनी रिश्तेदार के यहां गये थे. वापस आते समय गढसिवनी नाला के आगे पीछे से आ रहे मोटरसायकल क्रमांक CG 04 NZ 4383 का चालक वेदराम साहू निवासी ग्राम जोबा द्वारा अपने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए हीराधर निषाद के मोटरसायकल को पीछे से ठोकर मारकर एक्सीडेंट करने से मोटरसायकल भैंस में जाकर टकरा गया, जिससे मोटरसायकल के पीछे बैठे गिरधर निषाद के सिर में गंभीर चोटे आयी. उसे उपचार हेतू शासकीय अस्पताल तुमगांव ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
संपूर्ण जांच के बाद पुलिस ने मोटरसायकल क्रमांक CG 04 NZ 4383 के चालक वेदराम साहू ग्राम जोबा का कृत्य अपराध धारा 304 ए भादवि का घटित करना पाये जाने से अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया है.