महासमुंद : जिले के 5 मेधावी छात्रों को हेलीकॉप्टर में जॉयराइड करने का मिला अवसर
ज़िले के बच्चों ने साझा किए अनुभव बच्चों ने मुख्यमंत्री की ये पहल को अच्छी बताया। इससे हम जैसे और भी प्रावीण्य सूची में आने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलेगा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम किसड़ी की छात्रा बिंदिया प्रधान ने हेलीकॉप्टर जॉयराइड के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा छोटे से शहर से आकर यहाँ हेलीकॉप्टर में बैठना किसी सपने से कम नही है। एकलव्य इंग्लिश मीडियम स्कूल अर्जुंडा की छात्रा द्वय स्मृति साहू एवं अमीषा पटेल एवं इसी स्कूल के छात्र त्रिभुवन जायसवाल ने कहा कि हेलीकॉप्टर में बैठकर सफर करना काफी रोमांचक रहा,भविष्य में और अच्छी पढ़ाई के लिए हम सभी को बहुत अच्छा लगा।वही के.जी. कॉन्वेंट स्कूल सरायपाली की छात्रा रश्मि प्रधान ने कहा कि प्रावीण्य सूची में आने के कारण मुझे हेलीकॉप्टर जॉयराइड का मौका मिला काफी रोमांचित हूँ मुझे बहुत खुशी हो रही है आगे की पढ़ाई बहुत मन लगाकर करूंगी ताकी भविष्य में भी मेरिट सूची में जगह मिले और ऐसे ही जॉयराइड का मौका मिले।
स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना" अंतर्गत 10 जून 2023 को पुलिस परेड ग्राउंड रायपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप माननीय शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को "हेलीकाप्टर जॉयराइड" कराया। इस अवसर पर संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव समेत आला अधिकारियों की मौजूदगी में अंकों से आसमां छूने वाले होनहार बच्चों ने हेलीकाप्टर से उड़ान भरने का आनंद लिया। मेरिट में आए इन मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित "प्रतिभा सम्मान समारोह 2023" में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, मुख्य सचिव अमिताभ जैन की उपस्थिति में प्रोत्साहन राशि (डेढ़ -डेढ़ लाख रू.) एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ज्ञात है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की इस वर्ष की 10 वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के पांच मेधावी विद्यार्थियों ने टॉप 10 में जगह बनाए थे। इस अवसर पर कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों ने बधाई दी है ।