सरायपाली : महिला को खेत में ले जाकर पटक-पटक कर मारा
पति और देवर के खिलाफ केस दर्ज
सरायपाली थाने में एक महिला ने अपने पति और देवर के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करायी है. महिला का आरोप है की उसके पति और देवर ने उसे खेत में ले जाकर पटक-पटककर मारा है.
थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम पण्डरीपानी निवासी सुमित्रा चौहान 16 जून को रात करीब 9 बजे अपने पति चैतराम चौहान को खाना निकालकर दे रही थी. उसी समय बोली कि सब्जी को ले आओ. इतने में पति-पत्नी में विवाद हो गया.
चैतराम अपनी पत्नी सुमित्रा को जान से मारने की धमकी देकर मां बहन की अश्लील गाली-गलौजकर बाल को पकड़कर घर से बाहर निकालकर खेत में ले जाकर जमीन में पटक-पटककर मारने लगा. उसके बाद सुमित्रा का देवर आकर छुड़ाने के बहाने सुमित्रा के गला को दबाने लगा और मारपीट करने लगा. मारपीट करने एवं जमीन में पटकने से सुमित्रा के सिर में चोट लगी है.
उसके बाद सुमित्रा भागते हुए मितानिन सावित्री के घर गयी. सुमित्रा को डायल 112 वाहन से शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया. इलाज कराने के बाद सुमित्रा ने 17 जून को थाने में शिकायत दर्ज करायी. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी चैतराम चौहान, रामकुमार चौहान के खिलाफ 294-IPC, 323-IPC, 34-IPC, 506-IPC के तहत अपराध कायम किया है.