महासमुंद में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम कॉलेज इसी सत्र से
युवाओं के लिए अंग्रेजी माध्यम में उच्च शिक्षा की राह होगी आसान
इस सत्र में बीए,बीएससी, बीकॉम की होगी पढ़ाई
प्राचार्य सहित प्राध्यापक व स्टाफ के लिए 33 पद स्वीकृत
महासमुंद में अंग्रेजी माध्यम से उच्च शिक्षा की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए सपना साकार होने जा रहा है। अब महासमुन्द में उच्च शिक्षा इंग्लिश मीडियम में भी पढ़ाई जाएगी। यहां राज्य सरकार ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम आदर्श महाविद्यालय प्रारम्भ किए जाने की स्वीकृति दी है। जिस पर विद्यर्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं पालकों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल से प्रदेश सरकार ने निजी एवं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम से ही उच्च शिक्षा निरंतर रखने की सुविधा प्रदान करने की दृष्टि से शिक्षा सत्र 2023-24 से प्रदेश के चार चयनित महाविद्यालयों में इस सत्र से अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
यह महाविद्यालय फिलहाल मचेवा स्थित शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रारम्भ होगा। नोडल अधिकारी अजय कुमार राजा ने बताया कि नए भवन के लिए 12 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल गई है ।स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम आदर्श महाविद्यालय के लिए प्राचार्य सहित सहायक प्राध्यापक एवं स्टाफ के कुल 33 पद भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें तीन दिवस के भीतर संबंधता सम्बन्धी शुल्क जमा करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। शुल्क जमा करने के पश्चात यहां प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस सत्र बीए में अंग्रेजी साहित्य, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र एवं बीएससी गणित, बीएससी कंप्यूटर साइंस एवं बीकॉम कंप्यूटर एप्लीकेशन जैसे 4 पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे।
इस वर्ष कुल 240 सीट स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें बीए में 90 सीट, बीएससी गणित में 60, बीएससी कंप्यूटर साइंस में 60 एवं बीकॉम कंप्यूटर एप्लीकेशन में 60 सीट शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रबंधन द्वारा समिति का गठन कर प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य तैयारियां के संबंध में निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यहां प्रवेश के लिये स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय से उत्तीर्ण विद्यार्थी एवं निजी अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय से उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्टर प्रभात मलिक ने अंग्रेजी महाविद्यालय की तैयारी के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस सम्बंध में प्रबंधन से चर्चा कर कहा की इस सत्र में स्वीकृत पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए एवं प्रवेश के लिए जरूरी तैयारी पूरी कर लें।
विदित है कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल में बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है। इन स्कूलों के प्रारंभ होने से जहां गरीब और कमजोर तबके के प्रतिभावान बच्चों के पालकों को निजी स्कूलों की महंगी फीस से काफी राहत मिली है। वहीं यहां अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा के साथ-साथ् बेहतर सुविधाओं के साथ शैक्षणिक माहौल मिल रहा है। सरकार की पहल से छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों को नई पहचान मिली है। राज्य सरकार द्वारा इन स्कूलों को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान छात्रों को अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अपने आप को बेहतर तैयार कर सके। स्कूली बच्चों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल बन रहा है। इसी तारतम्य में अब स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम कॉलेज की स्थापना की जा रही है।