महासमुंद : कलेक्टर ने अधिकारियों को आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए
कलेक्टर जन चौपाल में मिले 29 आवेदन
महासमुंद : जिला कलेक्टोरेट में मंगलवार को समय-सीमा की बैठक के बाद आयोजित होने वाले जन चौपाल में आज कलेक्टर प्रभात मलिक ने जिले के आमजनों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनी और संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण के लिए निर्देश दिए। जन चौपाल में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के 29 आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याएं बारी-बारी सुनी और कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदकों की समस्याओं का निराकरण करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर प्रभात मलिक ने महासमुन्द में एक निजी स्कूल बंद हो जाने के कारण शिक्षा के अधिकार के अंतर्गत लाभान्वित विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने पालकों को भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का शिक्षा प्रभावित नहीं होगा और उन्हें अन्य स्कूल में प्रवेश दिलाया जाएगा। इस संबंध में आज बच्चों के पालकों ने जन चौपाल में कलेक्टर से मिलकर जानकारी दी और अपने बच्चों के भविष्य के प्रति चिंता जाहिर की। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसी तरह आज जन चौपाल में ग्राम भोरिंग की कु. संध्या साव ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भोरिंग में अतिथि शिक्षक के पद को जारी रखने आवेदन दिया। इसी तरह ग्राम तोरला में पेयजल की समस्या को हल करने कुलेश्वर साहू सुनील, धनीराम आदि ग्रामीणों ने आवेदन दिया है। ग्राम अमाकोनी के गोविंद मोंगरे ने आर्थिक सहायता हेतु आवेदन दिया। वही भिलाई दादर ग्राम मुंगासेर के रेवाराम चक्रधारी ने प्रधानमंत्री आवास आवास योजना का लाभ दिलाने आवेदन दिया। महासमुंद के दुर्गेश नंदिनी ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की राशि निवेदन किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, डिप्टी कलेक्टर नेहा भेड़िया डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।