बागबाहरा : ट्रेक्टर की चपेट में आने से मोपेड सवार की मौत
बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम हरनादादर स्थित शिव मंदिर के पास ट्रेक्टर की चपेट में आने से टीव्हीएस एक्सएल मोपेड सवार किसन लाल की मौत हो गयी. किसन लाल चन्द्राकर की पत्नी सरस्वती बाई चन्द्राकर ने आरोपी ट्रेक्टर चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है.
थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, 1 अप्रैल को सुबह लगभग 10:30 बजे किसन लाल चन्द्राकर अपनी टीव्हीएस एक्सएल मोपेड क्रमांक सी.जी. 06 जी एक्स 0447 में सवार होकर ग्राम हरनादादर से बागबाहरा स्थित अपनी फल दुकान जा रहा था. तभी हरनादादर के शिव मंदिर के पास संतोष यादव, पिता लाहा यादव निवासी हरनादादर के ट्रेक्टर बिना ट्राली वाली क्रमांक CG 06 GF 7578 के चालक दुर्गा प्रसाद यादव निवासी हरनादादर ने लापरवाहीपूर्वक ट्रेक्टर चलाते हुए किसन लाल की मोपेड को टक्कर मार दी, जिससे किसन सड़क पर गिर गया.
किसन लाल गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ट्रेक्टर चालक ट्रेक्टर को लेकर फरार हो गया था. घटना के समय वहां गोदावरी चन्द्राकर और नंदनी चन्द्राकर मौजूद थे. किसन लाल को ईलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बागबाहरा ले जाया गया, जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी महिन्द्रा ट्रेक्टर क्रमांक CG06 GF 7578 के चालक दुर्गा प्रसाद यादव के खिलाफ 304-A-IPC के तहत अपराध कायम किया है.