महासमुंद : स्वीप गतिविधियों को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
विकासखण्ड स्तरीय नोडल अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रहे मौजूद
महासमुंद : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं समन्वयक स्वीप जिला स्वीप कोर समिति श्री एस.आलोक के मार्गदर्शन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु हेमनानी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विकासखण्ड स्तरीय नोडल अधिकारियों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों, समाज कल्याण विभाग के नोडल अधिकारी की स्वीप गतिविधियों के संचालन हेतु प्रशिक्षण संपन्न हुई। बैठक में श्रीमती हेमनानी ने कहा कि आगामी दिनों में मतदान का त्यौहार आने वाला है, इसके लिए जिले के 70 प्रतिशत से कम मतदान वाले केंद्र में स्वीप गतिविधियों को संचालित करके चिन्हांकित केन्द्र का मतदान प्रतिशत 70 से अधिक लाना है। इस हेतु स्वीप गतिविधियों को नियमित संचालित किया जाएं।
इस अवसर पर रेखराज शर्मा नोडल अधिकारी मेनेजमेंट स्वीप ने पावर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से स्वीप कार्ययोजना 2023, “ऐसे बने मतदाता को“ प्रस्तुत किया तथा मैं भारत हूं गीत, मतदाता जागरूकता के लिए स्कूली बच्चों का स्वीप गीत, सर्विस वोटर का फिल्म प्रदर्शन कर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम से संबंधित जानकारी दिया गया। प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि स्वीप गतिविधि से जोड़ने के लिए अनेक विभाग द्वारा कार्यक्रम संचालित किया जायेगा। बूथ वार समस्याओं का चिन्हांकन कर समाधान निकालने उच्च शिक्षा, नगरीय निकाय, जनपद पंचायत, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग की संयुक्त टीम 11 जुलाई 2023 तक गठन कर लिया जायेगा।
आगामी दिनों में स्वीप की गतिविधियां और तेज गति से संचालित की जायेंगी, जिसके लिए सभी विभाग अपने-अपने विभाग अंतर्गत होने वाली गतिविधियों में स्वीप कार्यक्रम को अनिवार्य रूप से शामिल करेंगे। स्वीप गतिविधियों में जिले की महिलाओं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गो, युवाओं, स्वच्छता दीदी, दिव्यांगजन, हाट-बाजारों में आने वाले लोगों और तृतीय लिंग के लोगों को भी जोड़ा जायेगा। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने स्वीप गतिविधियों में नये प्रयोग करने हेतु अपने-अपने सुझाव भी दिये। बैठक में डॉ. मालती तिवारी नोडल अधिकारी, डॉ. सरस्वती वर्मा, वृंदावन पटेल, दिलीप चंद्राकर प्राचार्य माता कर्मा महाविद्यालय महासमुंद, विभिन्न विकासखंडों के नोडल अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित थे।