बसना : गढ़फुलझर समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध
583 कृषकों को ऋण स्वीकृत, 55 नवीन कृषकों को ऋणी सदस्य बनाया गया
महासमुंद ज़िले के बसना विकासखण्ड के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित गढ़फुलझर में किसानों की मांग अनुरूप परमिट जारी कर खाद, बीज का वितरण सुगमता से किया जा रहा है। यहाँ के कृषकों को खेती-किसानी के लिए किसी तरह की किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई नहीं है। किसानों को खाद-बीज की समस्या संबंधी खबर के संबंध में संबंधित विभाग को समिति अध्यक्ष तथा प्रभारी द्वारा जानकारी दी गयी कि समिति मुख्यालय गढ़फुलझार का खाद गोदाम जर्जर होने एवं कार्यालय के पास नया रोड एवं नाली बनने के कारण पानी का भराव हो रहा था, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में असुविधा हो रही थी। बारिश को देखते हुए खाद-बीज को सुरक्षित रखने के लिए अस्थायी रूप से इस कार्य संचालन धान खरीदी केन्द्र में संचालित किया जा रहा है। इस जगह कृषकों के लिए बैठने और अन्य व्यवस्था की गई है। यह समिति मुख्यालय से सिर्फ़ आधा किलोमीटर की दूरी में है। खाद बीज वितरण में अनियमितता की खबर तथ्यों से परे है।
विगत वर्ष 657 कृषकों को ऋण वितरित किया गया था, वर्तमान वर्ष में 55 नवीन कृषकों को ऋणी सदस्य बनाया गया है। जिसमें से कुल 583 कृषकों को ऋण स्वीकृत किया जा चुका है तथा 45 आवेदन स्वीकृत हेतु समिति में शेष है, जो प्रक्रियाधीन है। इस प्रकार लगभग 82 प्रतिशत कृषकों को ऋण वितरण किया जा चुका है। शेष कृषकों को आगामी दस दिनों में ऋण स्वीकृति कराकर खाद बीज का वितरण सम्पन्न करवा लिया जाएगा। संस्था में वर्तमान में 670 बोरी यूरिया एवं 720 बोरी डीएपी का भंडारण हुआ है। जिसका एक्नॉलेजमेन्ट प्राप्त नहीं होने के कारण स्टॉक में नहीं लिया जा सका है। समिति में कृषकों को वितरण के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
संस्था में उपस्थित अन्य कृषकों के द्वारा कथन किया गया है कि वर्तमान में ऋण स्वीकृति एवं खाद वितरण जमा सूचीबद्ध तरीके से पारी-पारी से हो रहा है, संस्था से कोई समस्या नहीं है।