महासमुंद : सीएम बघेल ने जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के खाते में अंतरित की राशि
महासमुंद : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को अपने निवास कार्यालय रायपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राशि अन्तरण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बेरोजगारी भत्ता योजना के लाभार्थियों को चौथी किश्त की राशि जारी की। इसके तहत जिले के 5110 लाभार्थियों के बैंक खाते में करीब एक करोड़ 27 लाख 75 हजार रुपये ऑनलाईन हस्तांतरित किया। इस अवसर पर जिले के बेरोजगारी भत्ता प्राप्त युवक मौजूद थे।
मुख्यमंत्री बघेल ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बेरोजगरी भत्ता योजना के तहत केवल राशि देने तक ही सीमित नही है बल्कि युवाओं का कौशल उन्नयन कर रोजगार भी उप्लब्ध कराया जा रहा है। यही कारण है कि पंजीयन का आंकड़ा लगातार बढ़ते जा रहा है। पंजीयन के लिए ऑनलाइन सुविधा है जिसे घर बैठे भर सकते हैं। युवा मजबूत होंगे तो छत्तीसगढ़ भी मजबूत होगा इस अवधारणा को लेकर युवाओं को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला रोजगार अधिकारी एवं कौशल विकास के सहायक संचालक एनआईसी कक्ष में उपस्थित लाभार्थियों को कौशल विकास में ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षण लेने कहा। उपस्थित लाभार्थियों ने बताया कि बेरोज़गारी भत्ता योजना के तहत कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण मिलने से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।