महासमुंद : पूरी गरिमा के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
महासमुंद : कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस ) की प्रारंभिक तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह प्रातः 9ः00 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम मिनी स्टेडियम पर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, वन मंडलधिकारी पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा एवं निर्भय साहू, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली हेमन्त नन्दनवार, उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर मिषा कोसले, नेहा भेड़िया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
स्वतंत्रता दिवस पर सशस्त्र पुलिस जवानों, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट गाइड, रेड क्रॉस के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी होगा। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य कार्यालयों में ध्वजारोहण रात 8ः00 बजे की पूर्व संपन्न करा लिया जाए ताकि उन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी जिले के मुख्य समारोह में उपस्थित हो सके। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग के अधिकारियों को स्थल एवं अन्य तैयारियों के लिए जिम्मेदारी दी। इसके साथ ही उन्होंने सभी कार्यालय मुख्यालय में 15 अगस्त पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने कहा तथा 14 अगस्त की शाम को सभी शासकीय कार्यालय व मुख्यालय भवन में समुचित रोशनी की व्यवस्था करने का स्वतंत्रता दिवस पर निर्देश दिया।
कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस को और बेहतर मनाने और कार्यक्रम स्थल मे पेयजल, पार्किंग, मैदान की साफ-सफाई एवं बैठक व्यवस्था के संबंध मे जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन स्थल मिनी स्टेडियम का मैदान समतलीकरण करने व साफ-सफाई, पंडाल के लिए नगरपालिका के सीएमओ व पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया। कार्यपालन अभियंता व मुख्य नगरपालिका अधिकारी को कार्यस्थल में मंच निर्माण, ध्वज स्थल निर्माण व परेड हेतु मैदान की साफ सफ़ाई के लिए दायित्व सौपें गए हैं। वन मण्डलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता व मुख्य नगरपालिका अधिकारी को समारोह स्थल पर बैरिकेट्स, व्हीआईपी मंच, गणमान्य नागरिकों के लिए अलग-अलग मंच की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी संभाग के कार्यपालन अभियंता को संपूर्ण कार्यक्रम दिवस, पेयजल की व्यवस्था व साउण्ड सिस्टम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कृत करने कर्मचारियों की सूची भेजने का निर्देश दिया है।