महासमुंद में ईव्हीएम एवं व्हीव्ही पैट मोबाइल वैन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महासमुंद उमेश साहू के निर्देश पर महासमुंद विधानसभा अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत ईव्हीएम एवं व्हीव्ही पैट मोबाइल वैन को मतदान केंद्रों में मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया समझाई जा रही है। प्रशिक्षकों द्वारा मत डालने की प्रक्रिया और ईवीएम एवं व्हीव्ही पैट मशीनों की जानकारी प्रशिक्षण के माध्यम से दी जा रही है।
मतदान वैन में वाहन प्रभारी, एक आरक्षक एवं इव्हीएम मशीन में मतदान की प्रक्रिया समझाने के लिए 2 प्रशिक्षक तैनात है। जो इव्हीएम में मतदान की प्रक्रिया मतदाताओं को समझा रहें हैं। आज मोबाइल वैन महासमुंद विधान सभा के मतदान केन्द्रो में गई। जिसमें ग्राम कुहरी, जलकी झपोराडीह, अचानकपुर और बंडोरा में ईवीएम का प्रदर्शन किया गया। यहां मतदाताओं ने मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत चलित मोबाइल वैन के ईव्हीएम पर मतांकन किया और व्हीव्ही पैट पर अपने मतों का वेरिफिकेशन किया तथा रजिस्टर पर हस्ताक्षर किये। वहीं प्रशिक्षण के माध्यम से वे मतदान और मतदान की प्रक्रिया को भलीभॉति लोगों को बताया जा रहा है। प्रदर्शन करके व चर्चा के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान किया जा रहा है। इस दौरान 18 वर्ष हो चुके या 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष पूर्ण करने वाले लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने एवं वृद्धजनों को मतदान हेतु प्रोत्साहित करने के लिए भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा समाज कल्याण विभाग महासमुंद द्वारा लगातार दिव्यांग को मतदाता बनाने एवं मतदान हेतु जागरूक करने शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विधानसभा बसना के मतदान केंद्र पिलवापाली में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सह शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 04 नवीन मतदाता का फार्म भराया गया। इस कार्यक्रम में मतदान जागरूकता गीत ‘‘मैं भारत हूँ’’ का ऑडियो सभी शिविरार्थियों को श्रवण कराया गया।