महासमुंद : मुख्यमंत्री ने जिले के 40 छात्र-छात्राओं को हायर सेकेण्डरी सह आईटीआई ट्रेड प्रमाण पत्र किए वितरित
राज्य में छात्र-छात्राओं को पहली बार हायर सेकेण्डरी के साथ आईटीआई ट्रेड का मिला प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर हायर सेकेण्डरी के साथ शुरू किया गया है आईटीआई
महासमुंद : छत्तीसगढ़ की तर्ज पर भारत सरकार 12वीं के साथ आईटीआई कराने पर विचार कर रही और हमने हायर सेकेण्डरी पास करने वाले छात्र-छात्राओं को आईटीआई प्रमाण पत्र भी वितरित कर दिए हैं। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने शनिवार को अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 292 छात्र-छात्राओं को हायर सेकेंडरी सह आई.टी.आई. ट्रेड प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कही। वही मुख्यमंत्री ने जिले के 40 छात्र-छात्राओं को यह प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा एवं तकनीकी मंत्री उमेश पटेल मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज रोजगार के क्षेत्र में आईटीआई पास युवाओं की बहुत आवश्यकता है। ऐसे विद्यार्थी जो आईटीआई करना चाहते थे उन्हें हायर सेकेंडरी पास करने के बाद एक साल आईटीआई की ट्रेनिंग करना पड़ता है, इससे समय बहुत लगता है लेकिन आज 12वीं पास करते ही छात्र-छात्राओं के पास एक सर्टिफिकेट होगा, जो आपको चयनित ट्रेड का एक्सपर्ट बना देगा। इस डिग्री से आप जॉब भी कर सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा 12वीं के साथ आईटीआई का प्रमाण पत्र मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने नियुक्त व्याख्याताओं और हायर सेकेंडरी के साथ-साथ आई.टी.आई. ट्रेड प्रमाण प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हम लगातार कार्य कर रहे हैं, हमारी सरकार ने लगभग 27 हजार शिक्षकों की भर्ती की है। नियुक्ति पत्र प्रदान करने की शुरुआत आज हुई है अब यह क्रम लगातार चलता रहेगा। जो कल तक बेरोजगार थे आज उन्हें रोजगार मिल गया है। उन्होंने नव नियुक्त व्याख्याताओं से कहा कि आज से आपका संकल्प होना चाहिए कि छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में बहुत ऊंचाई में ले जाना है। जहां भी आपकी ड्यूटी लगे पूरे मनोयोग से बच्चों को पढ़ाएं, उन्हें योग्य बनाएं। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ का संकल्प हम आपके माध्यम से हम पूरा करना चाहते हैं।
जिला प्रभारी अधिकारी हिमांशु भारतीय ने बताया कि आज रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में महासमुंद जिले के चार विद्यालयों में से 40 विद्यार्थी और उनके प्राचार्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। जिन्हें प्रमाण-पत्र सौंपा गया। इनमें शासकीय आईटीआई महासमुंद, पिथौरा, सरायपाली, बागबाहरा व शासकीय डीएमएस उ.मा. शाला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सरायपाली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बागबाहरा और शासकीय रणजीत कृषि महाविद्यालय पिथौरा के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें 25 डीजल मैकेनिक, 5 वेल्डर, 10 कोपा के विद्याथियों को प्रमाण-पत्र मिला।