सरायपाली : अस्थिबाधित दिव्यांग नारायण को मिली मोटराइज्ड ट्रायसायकल, आजीविका गतिविधियों में बनी सहारा
सरायपाली विकासखंड के वीरेंद्र नगर निवासी अस्थिबाधित दिव्यांग नारायण निषाद मोटराईज्ड ट्रायसायकल मिलने से बहुत खुश है। वे जन्म से ही अस्थिबाधित दिव्यांग है। वे इस मुश्किल भरी राह में अपने आजीविका के लिए सड़क किनारे बच्चों के खिलौनें, टेडीबियर आदि बेचने का काम करते है। किंतु दिव्यांगता के कारण उन्हें काम में आने-जाने में बहुत परेशानी होती थी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग में मोटराइज्ड ट्रायसायकल के लिए आवेदन किया।
निषाद ने बताया कि दिव्यांगजन प्रमाणीकरण, नवीनीकरण एवं सेवा सुविधा शिविर में उन्हें मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान किया गया। इससे उनकी जिन्दगी में बहुत ही बदलाव आ गया है। अब वह अपने रोजमर्रा के कार्य के लिए आसानी से आवाजाही कर रहे है तथा अपने परिवार का भरण-पोषण में भी उन्हें कोई दिक्क़त नहीं हो रही। दूसरों पर निर्भर भी नहीं रहना पड़ता। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग को धन्यवाद कहा।
दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण के लिए राज्य और केन्द्र की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित है। एक समावेशी और सक्षम वातावरण की कल्पना करके दिव्यांगजनों को अधिक हक और अधिकार प्रदान करने के लिए सरकार के द्वारा समग्र विकास के लिए दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक संगीता सिंह ने कहा कि विभाग दिव्यांगजनों के लिए प्रतिबद्ध है और उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में विकलांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण की दिशा में शासन की सोच को पूरा करेगा।