निखिलकांत ने महासमुंद विधानसभा से प्रस्तुत की दावेदारी, ब्लाक अध्यक्ष को साैंपा आवेदन पत्र
महासमुंद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी व चुनाव अभियान समिति के निर्देशानुसार युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव निखिलकांत साहू ने महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी बनाये जाने को लेकर ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष खिलावन बघेल को आवेदन दिया है। ज्ञात हो कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार दावेदारों को अपना आवेदन अपने-अपने ब्लाॅक मुख्यालयों में ब्लाॅक अध्यक्षों के पास जमा करना है। इसी के तहत श्री साहू ने दावेदारी प्रस्तुत करते हुए महासमुंद ब्लाॅक अध्यक्ष के समक्ष फार्म जमा किया है।
दावेदारी प्रस्तुत करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निखिलकांत साहू ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में चहूंओर विकास हुए हैं। आज छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति की चर्चा पूरे देश में हो रही है। युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, किसानों को न्याय योजना के तहत आर्थिक सहायता सहित सर्व वर्ग के लिए भूपेश सरकार ने बेहतर कार्य किया है। श्री साहू ने बताया कि विगत 5 वर्षों से उन्होंने भूपेश सरकार के जनहितैषी कार्यों, विकास माॅडल को जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से गांव-गांव तक महासमुंद विधानसभा के ग्रामीणों के बीच पहुंचाया है।
उसके अलावा गांव गुहार बइठका के माध्यम से पूरे महासमुंद विधानसभा के ग्रामों में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत हुए तथा समस्याओं को समाधान करने का पूरजोर प्रयास किया। अनेक में सफलता भी मिली। वहीं, कोरोना काल के समय में नि:शुल्क एम्बुलेंस सुविधा शुरू कर महासमुंद विधानसभा के नागरिकों की नि:शुल्क सेवा भी उन्होंने की है। निखिलकांत ने बताया कि भूपेश है तो भरोसा के नारे को बरकरार रखते हुए उन्होंने कांग्रेस की सच्चे सिपाही के रूप में पार्टी हित में कार्य किया है। अपनी जनसेवा व भूपेश सरकार के विकास कार्यों को आधार बनाकर वे महासमुंद विधानसभा से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग कांग्रेस पार्टी से की है।