महासमुंद : कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करने दिए निर्देश
महासमुंद : कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज महानदी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, महासमुन्द एसडीएम उमेश साहू, बागबाहरा एसडीएम सृष्टि चंद्राकर, डिप्टी कलेक्टर मिसा कोसले, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ अधिकारी डॉ. पी. कुदेसिया सहित जिला अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने कहा कि सभी समय सीमा पत्रक, जन शिकायत, मुख्यमंत्री जनचौपाल के कोई भी प्रकरण और पत्र लंबित नहीं होना चाहिए। उसे तत्काल निराकरण करके पोर्टल में एंट्री करना सुनिश्चित करें। मलिक ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है।
आगामी अक्टूबर माह में आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है इसे ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन एवं अधूरे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने लोक निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी, पंचायत, नगरी निकाय आदि निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए।
कलेक्टर मलिक ने स्वामी आत्मानन्द स्कूल में सभी भर्तियां जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही हर पद के लिए वेटिंग लिस्ट तैयार करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिया। उन्होंने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली और पंखा लगाने के निर्देश दिये है। स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिये गए। सम्बंधित एसडीएम को इसकी मॉनिटरिंग करने और बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनाने सुनिश्चित करने कहा गया। कलेक्टर ने केसीसी की प्रगति की जानकारी ली उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र एवं गोठानो में बिजली लगाने विद्युत विभाग को डिमांड पत्र भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सौर सुजला, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, गोधन न्याय योजना ,पीएम सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। महिला बाल विकास विभाग व स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई।