महासमुंद : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम : 02 एवं 03 सितम्बर को सभी मतदान केंद्रों पर होगा विशेष शिविरों का आयोजन
इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर द्वारा सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया गया है। परिपत्र में कहा गया है कि अब राज्य के सभी मतदान केन्द्रों में शनिवार 02 सितंबर एवं रविवार 03 सितंबर को पूर्व की भांति विशेष शिविर का आयोजन भी किया जावे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने उक्त शिविर तिथियों पर सम्बंधित मतदान केन्द्रों के लिये नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी, अभिहित अधिकारियों को मतदान केन्द्रों में कार्यालयीन निर्धारित समयावधि में अनिवार्यतः आवश्यक फार्मों के साथ उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया है।
निर्धारित तिथि 11 सितम्बर तक प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 सितम्बर 2023 तक किया जाकर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व की भांति 04 अक्टूबर 2023 को किया जाएगा। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की संशोधित अवधि एवं मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजन के संबंध में समस्त राजनैतिक दलों को अवगत कराते हुये इसका प्रचार-प्रसार करने कहा गया है।