बसना : थाने के सामने युवक ने पीया कीटनाशक, राष्ट्रीय बजरंग दल ने किया घेराव.
बसना थाना में कल एक युवक ने पुलिस पर कार्यवाही ना करने का आरोप लगाते हुए पुलिस स्टेशन के बाहर ही कीटनाशक पीकर खुदखुशी करने की कोशिश की. जिसे मौके पर मौजूद राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष मोहन सोनवानी द्वारा बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया. जिसके बाद युवक के महासमुंद रिफर किये जाने की बात कही जा रही है.
बताया जा रहा है कि युवक किशन सेन बजरंग दल का कार्यकर्ता है, जिसने 25 अगस्त को अपने खिलाफ हुई ठगी को लेकर पुलिस में आवेदन दिया था, लेकिन अपनी शिकायत पर कार्यवाही ना होने के चलते वह नाराज था और 5 सितम्बर को उसने पुलिस थाने के सामने ही कीटनाशक पी लिया.
वहीं घटना के बाद नगर में जिले के बजरंग दल का कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और आज उन्होंने करीब 50 से 60 की संख्या में बसना थाने का घेराव किया.
इस दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष महेंद्र साव ने पुलिस पर सत्ता पक्ष के दवाब के चलते अपराध नही दर्ज करने का आरोप लगाया, महेंद्र साव ने बताया कि किशन सेन के अकाउंट को हैक कर तौसीफ रजा खैरानी द्वारा 2 लाख 80 हजार रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिया गया है. जिसके बाद किशन पुलिस के पास गया लेकिन वहां भी उसे निराशा ही मिली और उसने थाना के सामने ही जहर खा लिया. संगठन द्वारा आगामी पांच दिनों में कार्यवाही नही होने पर बसना बंद करने की बात कही गई है.
वहीँ मौके पर मौजूद सरायपाली एसडीओपी ने इस मामले पर उनके समक्ष लिखित शिकायत देने की बात करते हुए निष्पक्ष कार्यवाही का आश्वाशन दिया है.
सरायपाली एसडीओपी ने मीडिया से कहा कि ये दो लोगों के बीच आपसी लेनदेन का विवाद है, जिसकी शिकायत थांने में की गई थी, इस मामले में जांच की जा रही थी इसी दौरान युवक के द्वारा कीटनाशक पी लिया गया जिससे बजरंग दल वाले आक्रोशित हो गए और थाने आये थे. जिनके द्वारा शिकायत की गयी की जाँच सही तरीके से नहीं की जा रही है, आवेदन मिलने पर मेरे द्वारा जाँच किया जायेगा.