महासमुंद : स्वस्थ पंचायत थीम पर ग्राम पंचायतों का उन्मुखीकरण कार्यशाला का किया गया आयोजन
महासमुंद : स्वास्थ एवं पोषण के क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए नीति आयोग की सहयोगी संस्था पिरामल फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे स्वस्थ पंचायत थीम पर ग्राम पंचायतों को थीम के अनुरूप कार्य करने और पंचायतों को सशक्त बनाने हेतु आज जनपद पंचायत महासमुंद के सभागार में विकासखण्ड महासमुंद के 8 ग्राम पंचायतों लाफिनखुर्द, शेर, उमरदा, परसाडीह, सरेकेल, रायतुम, पीढ़ी एवं कछारडीह के सरंपच, सचिव, मितानिन, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायते जीपीडीपी में 9 थीमों में से स्वस्थ पंचायत थीम को लेकर कार्य करें एवं अपनी पंचायतों को स्वस्थ पंचायत बनाएॅं।
कार्यशाला में सीईओं जनपद महासमुंद निखत सुल्ताना ने सभी प्रतिभागीयों को पोषण एवं आहार पर जागरूक करने एवं बच्चों एवं महिलाओं में पोषण की महत्ता को बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत को स्वस्थ पंचायत बनाने हेतु सभी पंचायत प्रतिनिधियों व सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित हो। फाउंडेशन के जिला प्रतिनिधि महेन्द्र आर्य ने स्वस्थ पंचायत थीम के बारे में विस्तार पूर्वक बताया एवं चर्चा की। उल्लेखनीय है कि सतत विकास लक्ष्य के तहत विकास के विभिन्न आयामों को लेकर लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन लक्ष्यों के प्राप्ति के लिए स्वस्थ पंचायत थीम पर कार्य किया जा रहा है।
ज्ञात है कि पिरामल फाउंडेशन, ग्राम पंचायतों को सहयोग और अभिसरण के सिद्धांतों के माध्यम के विकास करने और समस्याओं के निदान के लिए सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में फाउंडेशन जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले की सभी पंचायतों को स्वस्थ पंचायत की थीम पर कार्य करने के लिए प्रेरित करना चाहती है। साथ ही चुनी हुई 8 ग्राम पंचायतों में फाउंडेशन की टीम के माध्यम से सीधे सहयोग कर रही है ताकि ये ग्राम पंचायत स्वस्थ पंचायत बनने की दिशा में प्रयास कर सकें। पिरामल फाउंडेशन टीम के टीम की प्रोग्राम लीडर यास्मीन मेमन और गांधी फेलो सूरज, शुभम, प्रवीण और ऋतु भी उपस्थित थे।