महासमुंद : महागठबंधन के "इंडिया" नाम से भाजपा को इतना भय क्यों - राशि महिलांग
महासमुंद। भाजपा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से सवाल पूछे जाने पर कांग्रेस नेत्री व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने भाजपा सांसद सरोज पांडे पर तीखा पलटवार किया है। महिलांग ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के बजाय बहन सरोज पीएम मोदी से सवाल पूछें कि उन्हें इंडिया नाम से इतना डर और नफरत क्यों हो गया। भारत, इंडिया और हिंदुस्तान के नागरिक के रूप में गौरवान्वित महसूस करने वाली जनता में इतना भेद क्यों कर रही है। धर्म के बाद अब देश के नाम पर नफरत क्यों फैला रहे हैं। जबकि पीएम मोदी द्वारा ही खेलो इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, इंवेस्ट इंडिया, फेम इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाएं शामिल हैं। इस हिसाब से भाजपा इन योजनाओं से अब "इंडिया" शब्द हटाकर इसमें "भारत" जोड़ेगी। इतने दिनों तक देश को दो नाम भारत और इंडिया के नाम से बुलाया और पूरी दुनिया में जाना रहा था तब भाजपा को आपत्ति नहीं थीं। महागठबंधन ने अपने गठबंधन का नाम "इंडिया" क्या रख दिया पीएम मोदी के साथ देश के सभी भाजपा नेताओं के पेट में दर्द होना शुरू हो गया।
महिलांग ने कहा देश के भाजपा नेता सिर्फ और सिर्फ मोदी जी के सुर में सुर मिलाने का कार्य कर रहे है। नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने सांसद पांडेय से सवाल पूछा कि उन्हें राजस्थान की घटना याद है पर वहीं मणिपुर की घटना पर मोदी, शाह ने महिलाओं से माफी क्यों नहीं मांगी। सरोज को मणिपुर में निर्वस्त्र घुमाई गई महिलाओं की पीड़ा नजर क्यों नहीं आई। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के पुत्र पर युवती द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोप और जुर्म दर्ज किए जाने के बाद भी उन्हें भाजपा ने पार्टी से नहीं निकाला। मंदिर हसौद की घटना का मुख्य आरोपी भाजपा नेता का पुत्र है जो आदतन आरोपी है इसके बाद भी पार्टी ने उसे बाहर निकालने की बजाए पद देकर रखा और आज घटना के बाद भी उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की बजाए पार्टी में रखा हुआ है। इससे यह तय हो चुका है कि भाजपा बदनामी से नहीं डरती और आरोपी किस्म के नेताओं को खुला संरक्षण देती है। उन्होंने कहा सांसद जान लें पूर्ववर्ती रमन राज समेत सभी भाजपा शासित राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में अपराध में 68 फीसदी कमी के साथ महिलाएं ज्यादा सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से डरी हुई भाजपा उनका राजनीतिक मुकाबला करने में सक्षम नहीं है।