बसना थाना क्षेत्र के दो युवकों को गिधौरी पुलिस ने किया गिरफ्... - CG Sandesh

बसना थाना क्षेत्र के दो युवकों को गिधौरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, नकली नोट का लालच देकर लुट ली 1.5 लाख रुपये की रकम.

बसना थाना क्षेत्र के दो युवकों को गिधौरी जिला बलौदाबाजार की पुलिस ने नकली नोट का लालच देकर धोखाधड़ी करते हुए एक व्यक्ति से 1.5 लाख रुपये की लुट करने के मामले में गिरफ्तार किया है.

नकली नोट प्राप्त करने व बाजार में उसका उपयोग करने का लालच एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। पहले तो शातिर आरोपियों ने उसे नकली नोट देने के नाम पर सुनसान स्थान पर बुलाया। फिर व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास रखे 1,50,000 रुपए लूट कर फरार हो गये।

पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गिधौरी पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों पीताम्बर बरिंहा पिता श्यामलाल 23 साल निवासी ग्राम, गिधापाली थाना बसना तथा जयलाल बरिहा पिता गोपी बरिहा 27 साल निवासी गिधापाली वर्तमान ग्राम बम्हनी थाना बसना जिला महासमुंद को गिरफ्तार कर आरोपियों से लूट की रकम में से 74,000 रुपए एवं वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त एक प्लेटिना मोटर साइकिल बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लूट के शिकार प्रार्थी फिरंगी पटेल निवासी ग्राम सेमरा थाना गिधौरी ने 18 सितम्बर को रिपोर्ट दर्ज कराया कि 15 सितम्बर को एक आदमी ने फोन कर उसे बताया कि वे लोग नकली नोट बेचने का कार्य करते हैं जिसे मार्केट में चलाकर अधिक रुपए प्राप्त किया जा सकता है।  उसके बाद लालच में आकर फिरंगी पटेल ने नकली नोट लेना कबूल कर लिया।

प्रार्थी को लालच में फंसता देखकर आरोपी पीताम्बर बरिहा ग्राम सेमरा प्रार्थी के घर पहुंचा और उसे झांसा देते हुए 800 रुपए के अलग- अलग असली नोट थमा दिया। इससे प्रार्थी का लालच और बढ़ गया, उसने 1.50 लाख रुपए के एवज में 13 लाख रुपए के नकली नोट प्राप्त करने का सौदा आरोपी से कर लिया।

आरोपी पीताम्बर बरिहा ने उसे बताया कि आज शाम 6 बजे उसका साथी जयलाल बरिहा 13 लाख रुपए के नोट लेकर गांव के समीप स्थित खपरीडीह नाला के पास मिलेगा। शाम को 6 बजे जब प्रार्थी नाला के पहुंचा तो वहां एक मोटर साइकिल में पिताम्बर बरिहा व जयलाल बरिहा दोनों मिले।

आरोपियों ने प्रार्थी से लाये हुए रूपयों की मांग की। इस पर प्रार्थी ने 13 लाख रुपए के नकली नोट देने पर ही 1.50 लाख रुपए देने की बात कही। इससे तैश में आकर दोनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर, डरा-धमकाकर साथ लाये हुए 1.50 लाख रुपए लूटकर फरार हो गये।

प्रार्थी की शिकायत पर मामले में अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विवेचना प्रारंभ किया गया और थाना प्रभारी कैलाश चन्द्र दास के नेतृत्व में स्टाफ एवं सायबर सेल बलौदा बाजार की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी को उनके निवास से गिरफतार कर लिया गया।

आरोपियों से लूट की रकम में से 74000 रुपए बरामद कर न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल बलौदा बाजार भेजा गया।


अन्य सम्बंधित खबरें