महासमुंद : स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय में स्वीप कार्यक्रम के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय महासमुंद के सभा कक्ष में
20 अक्टूबर को
प्राचार्य महोदया प्रो. (डॉ.) अनुसुइया अग्रवाल (डी. लिट.) के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गई. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महासमुंद जिला की स्वीप की जिला नोडल अधिकारी के रूप में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय महासमुंद की राजनीति विज्ञान की सहायक प्राध्यापक डॉ. मालती तिवारी उपस्थित रही. कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा में दीप प्रज्वलन कर किया.
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था की नोडल अधिकारी अजय राजा ने कुल मतदान प्रतिशत में कमी पाए जाने के कारणों की विवेचना करते हुए 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया में परोक्ष रूप से सक्रिय भूमिका निभाने के लिए मार्ग प्रशस्त किया.उन्होंने बताया कि वे अपने घर के सभी सदस्यों को मतदान केंद्र ले जाने में मदद करें. जो घर के सदस्य दूसरी जगह पर स्थानांतरित हो गए हैं या जिनकी मृत्यु हो गई है उनका नाम मतदाता सूची से हटाए. तथा जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़े हो उनको ऑनलाइन तथा ऑफलाइन प्रक्रिया से जोड़ने हेतु सहयोग प्रदान करें.
तत्पश्चात स्वीप के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मालती तिवारी ने बताया कि स्वीप का हिंदी में अर्थ 'सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता' होता है. यह एक मतदाता जागरूकता का कार्यक्रम है जिसमें मतदाता सूची को अद्यतन करना तथा मतदान प्रक्रिया हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना होता है. स्वीप कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय में नोडल ऑफिसर तथा विद्यार्थियों के बीच से कैंपस एंबेसडर की नियुक्ति की जाती है. इस मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक, प्रश्न मंच, वाद विवाद प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, रंगोली मेकिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का एक सशक्त माध्यम है, हमें अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए. उन्होंने जानकारी दी की अगर किसी व्यक्ति की उम्र 1 अक्टूबर , 1 जनवरी, 1 अप्रैल या 1 जुलाई को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है तो वह अपने बी.एल.ओ. से फॉर्म 6 लेकर या अपने मोबाइल के जरिए वोटर हेल्पलाइन अप द्वारा ऑनलाइन तरीके से पंजीयन कर सकते हैं. जिला स्वीप नोडल अधिकारी के रूप में उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में महासमुंद जिले में 83% मतदान हुआ था और इस बार उन्होंने पूर्ण मतदान यानी 90% से ऊपर का लक्ष्य रखा है.
अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अनुसुइया अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों व कर्मचारियों को आने वाले विधान सभा चुनाव में एक जागरूक नागरिक की तरह मतदान करने हेतु प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि हमें किसी न किसी उम्मीदवार को वोट अवश्य देना चाहिए. उन्होंने जोर दिया कि हमें अपने मताधिकार का समुचित व श्रेष्ठ प्रयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि मतदान करना गर्व की बात है और एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें अपने लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु आगे बढ़कर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. तत्पश्चात संस्था प्रमुख डॉ.अग्रवाल मैडम ने सभी कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को मतदान शपथ दिलाई.
महाविद्यालय में आज स्विप कार्यक्रम के तहत रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई . जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न संकाय के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया.
रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान में भाविका साहू, द्वितीय स्थान में रुचि साहू एवं तृतीय स्थान में अभिषेक स्वामी रहे. पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कृष्णा नायक, द्वितीय स्थान पर अनन्या यादव तथा तृतीय स्थान पर श्रद्धा साहू रहे. प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीएससी के छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी.