महासमुंद : पेड न्यूज, विज्ञापनों की सतत मॉनिटरिंग एवं निगरानी करने के निर्देश
व्यय प्रेक्षक निलेश राउतकर एवं योगेश कुमार शर्मा ने मीडिया सेंटर एवं मीडिया मॉनिटरिंग कक्ष का आकस्मिक निरीक्षण किया
महासमुंद : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बसना, सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक योगेश कुमार शर्मा एवं महासमुंद और खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक निलेश राउतकर द्वारा आज कलेक्ट्रेट में स्थापित मीडिया सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक चैनल मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग कार्य का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रभात मलिक ने सेंटर की गतिविधियों की जानकारी दी।
राउतकर एवं शर्मा ने मीडिया सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों, मीडिया अनुप्रमाणन एवं अनुवीक्षण केन्द्र की सोशल मीडिया इकाई, प्रिंट मीडिया इकाई इलेक्ट्रॉनिक मीडिया इकाई एवं मीडिया अनुवीक्षण इकाई के नियुक्त कर्मचारियों से चर्चा करते हुए संधारित पंजी का अवलोकन भी किया तथा संबंधितों को न्यूज चैनलों, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, एफ.एम. रेडियो में राजनैतिक स्वरूप के समाचारों, पेड न्यूज, विज्ञापनों की सतत मॉनिटरिंग एवं निगरानी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विज्ञापन व पेड न्यूज मिलने पर व्यय का आंकलन कर प्रतिदिन प्रभारी निर्वाचन व्यय लेखा को उपलब्ध कराएं।
प्रेक्षकों ने विधानसभा निर्वाचन के एनआईसी सेंटर, कॉल सेंटर, कंट्रोल रूम व समन्वय हेल्प लाइन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ऑनलाइन, ऑफलाइन प्राप्त होने वाले शिकायतों व उनके निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त सभी शिकायतों को पोर्टल पर तुरंत अपलोड करने के निर्देश दिए। जिससे वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत व उसके निस्तारण के संबंध में जानकारी रहे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू, लाइजनिंग अधिकारी एवं उप वनमण्डलाधिकारी अब्दुल वहीद खान मौजूद थे।