महासमुंद : सामान्य प्रेक्षकों की मौजूदगी में राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न
मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में दी जानकारी
प्रेक्षकों से सुबह 10ः00 से 11ः00 बजे तक कर सकते हैं मुलाकात
महासमुन्द : मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में आज सामान्य प्रेक्षक विवेक एल भीमनवार, भाप्रसे व जफर मलिक भाप्रसे एवं पुलिस प्रेक्षक कृष्ण कुमार व्ही.के. भापुसे की मौजूदगी में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रेक्षकों ने कहा कि राजनीतिक दल अपनी शिकायत एवं समस्याओं के संबंध में सम्पर्क नम्बर पर जानकारी दे सकते हैं। साथ ही न्यू सर्किट हाउस के कक्ष क्रमांक 01 में सुबह 10ः00 से 11ः00 बजे तक मिल सकते हैं। इस दौरान प्रेक्षकों ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। किसी भी तरह की शिकायत होने पर वे सीधे सम्पर्क कर सकते हैं।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने बताया कि महासमुंद जिला अंतर्गत बसना विधानसभा क्षेत्र के तीन मतदान केन्द्र, खल्लारी विधानसभा के दो मतदान केन्द्र तथा महासमुंद के एक मतदान केन्द्र स्थल परिवर्तन किए जाने हेतु और सरायपाली विधानसभा के आठ मतदान केन्द्र एवं महासमुंद विधानसभा के एक मतदान केन्द्र का नाम परिवर्तन के लिए प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया गया था। जिसे आयोग द्वारा सहमति प्रदान की गई है। जानकारी के अनुसार बसना विधानसभा अंतर्गत मतदान केन्द्र क्रमांक 237, 238, 240 एवं खल्लारी विधानसभा अंतर्गत 47 खुटेरी, 174 बुंदेली एवं महासमुंद विधानसभा अंतर्गत 120 बड़गांव का स्थल परिवर्तन किया गया है।
इसी तरह मतदान केन्द्र का नया प्रस्तावित नाम सरायपाली विधानसभा अंतर्गत 127, 128, 129, 130, 132, 133, 134 व 135 व महासमुंद विधानसभा से 49 कोलपदर मतदान केन्द्र का नाम परिवर्तित किया गया है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू, राजनीतिक दल प्रतिनिधि इंडियन नेशनल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, गोड़वाना गणतंत्र पार्टी एवं स्वतंत्र प्रतिनिधि मौजूद थे।