महासमुंद : व्हीव्हीपैट कमिशनिंग कार्य का दिया गया प्रशिक्षण
वन विद्यालय के सभाकक्ष में जिला मास्टर ट्रेनर तोषण गिरी गोस्वामी द्वारा महासमुंद जिले की चारों विधानसभाओं के मास्टर ट्रेनरों व सेक्टर ऑफिसर्स को ईवीएम मशीन का प्रशिक्षण दिया गया। ट्रेनिंग में मतदान प्रक्रिया के लिए कमीशनिंग की आवश्यकता के साथ ही ईवीएम और वीवीपैट मशीन को तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में श्री गोस्वामी ने बताया कि ईवीएम संचालित करने का जितना अच्छा प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर लेंगे, उतने ही बेहतर ढंग से पीठासीन अधिकारियों व अन्य निर्वाचन में लगे कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ईवीएम के प्रत्येक बिंदु की जानकारी होने से निर्वाचन कार्य कराने में आसानी होगी।
गोस्वामी ने कहा कि निर्वाचन हेतु एम-3 वोटिंग मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है। जिसमें एक कन्ट्रोल यूनिट (सीयू) से 24 बैलेट यूनिट (बीयू) को जोड़ा जा सकता है एवं एक बीयू में अधिकतम 16 कैण्डीडेट सेट किये जाते हैं। इसी प्रकार उनके द्वारा बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, व्हीव्हीपैट के संचालन करने के साथ ही प्रत्येक मशीनों को एक दूसरे से केबल कनेक्शनों से कनेक्ट करना, सील करना, मतदान पत्र लगाना, मॉक पोल, विभिन्न प्रपत्रों सहित अन्य गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू, डिप्टी कलेक्टर मनोज खांडे सहित सम्बन्धित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।